प्रवासी मजदूरों के लिए प्रशासन करेगा वाहन का इंतजाम
कटिहार। लॉकडाउन में दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को घर वापस आने के लिए विशेष ट्र
कटिहार। लॉकडाउन में दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को घर वापस आने के लिए विशेष ट्रेन चलाए जाने का निर्णय लिया गया है। बड़ी संख्या में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से मजदूर लौट रहे हैं। जिले के करीब 20 हजार प्रवासी मजदूरों के पहुंचने की संभावना है। इसका आकलन सहायता राशि के लिए दिए गए आवेदन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से घर वापसी की गुहार लगाने के आधार पर किया गया है। जिले में अब तक सौ से अधिक प्रवासी मजदूरों के पहुंचने की आधिकारिक जानकारी दी गई है। स्पेशल ट्रेन से पहुंचने वाले मजदूरों को गृह जिला तक लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाहन की व्यवस्था की जाएगी। रविवार तक चार बसों को प्रवासी मजदूर लाने के लिए वाहन कोषांग द्वारा रवाना किया गया है। प्रवासी मजदूरों को उनके संबंधित प्रखंडों में वाहन से भेजकर वहां के सरकारी स्कूल में क्वारंटाइन किया जाएगा।