स्वास्थ्य केंद्र में सुविधा नदारद, इलाज के लिए भटक रहे लोग
कटिहार। प्रखंड क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पा र
कटिहार। प्रखंड क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र में कुल 38 एपीएचसी हैं। अधिकांश बदहाली के कगार पर होने के कारण लोगों को इलाज के लिए ग्रामीण चिकित्सकों के भरोसे रहना पड़ता है। आंकड़ों पर विश्वास करें तो प्रखंड के 28 पंचायतों में 38 उप स्वास्थ्य केंद्र खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र भी हैं। उपस्वास्थ्य केंद्र घोरदह भगवान भरोसे संचालित हो रहा है। उपस्वास्थ्य केंद्र में अक्सर ताला लगा रहने के कारण लोगों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की कमी से स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। इलाज के लिए ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।