जागरूकता के बीच मिशन हरियाली पर लग रहा बट्टा
कटिहार। प्रखंड क्षेत्र में हरे वृक्षों की कटाई का खेल बदस्तूर जारी है। पर्यावरण संरक्षण क
कटिहार। प्रखंड क्षेत्र में हरे वृक्षों की कटाई का खेल बदस्तूर जारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकारी स्तर पर जहां पौधारोपण कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। वहीं क्षेत्र में सक्रिय माफिया द्वारा लकड़ी की तस्करी कर योजना को ठेंगा दिखाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल सहित बिहार के कई माफिया इस धंधे में संलिप्त हैं। वृक्षों की अवैध कटाई के उपरांत लकड़ी को चोरी छिपे पश्चिम बंगाल ले जाया जाता है। जहां मोटी रकम में सौदेबाजी होती है। रात के अंधेरे में गुपचुप तरीके से पूरा खेल हो रहा है। इसके कारण इनकी धरपकड़ भी नहीं हो पाती है। इस संबंध में बलरामपुर बीडीओ अजय कुमार प्रिस ने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय माफिया पर प्रशासन नकेल कसेगी। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। बलरामपुर प्रखंड प्रमुख मु. अनीश उर्फ आदिल, जिला परिषद निसार अहमद, उप प्रमुख अली हैदर, जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमल चंद्र दास, मुखिया संघ अध्यक्ष हाजी मोहसिन, मुखिया प्रतिनिधि शाहिन इकबाल, पैक्स अध्यक्ष नूर सनवर उर्फ सन्नी, पंसस दीपाली रानी मोदक, वली सागर आदि ने लकड़ी तस्करों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की है।