तालाब में डूबने से बच्चे की मौत
संवाद सूत्र बारसोई (कटिहार) बहन के साथ घर के पास स्थित पोखर के किनारे खेल रहे पांच
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार): बहन के साथ घर के पास स्थित पोखर के किनारे खेल रहे पांच वर्षीय मु महताब की डूबने से मौत हो गई। बता दें कि बारसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत बलतर पहाड़पुर गांव में मु नूरुल का पांच वर्षीय पुत्र और सात वर्षीय बेटी घर के नजदीक तालाब किनारे खेल रहे थी। दोनों अपनी-अपनी खेल में मशगुल थे। इसी क्रम में भाई धीरे-धीरे खेलते हुए तालाब के किनारे पहुंच गया और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। भाई को डूबते देखकर बहन घरवालों को बुलाने के लिए गई, जब सभी वापस आए तो बच्चा लापता था। गांव वालों की ओर से बच्चों को ढूंढने के लिए पोखर में जाल डलवाया गया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव मिला। घटना की सूचना तुरंत अंचलाधिकारी को दी गई। घटनास्थल पर हल्का कर्मचारी पहुंचे एवं वस्तुस्थिति को देखा। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। छोटे से मासूम बच्चे का शव देखकर देखने वालों की आंखों से बरबस ही आंसू निकल पड़ते। वहीं अनुमंडल प्रशासन के निर्देशानुसार निरीक्षण के उपरांत मासूम के शव को दफना दिया गया।