दुष्कर्म बाद महिला की गला दबाकर की गई थी हत्या, आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता कटिहार बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के नारायणपुर के समीप जलकुंभी से 23 वर्षीय विवाहिता का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है।
जागरण संवाददाता, कटिहार : बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के नारायणपुर के समीप जलकुंभी से 23 वर्षीय विवाहिता का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। मृतका सात दिनों से अपने घर से लापता थी। हत्या के पूर्व दो लोगों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। पुलिस ने घटना के दो आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 नवंबर को नारायणपुर गांव के समीप जलकुंभी से विवाहिता का शव बरामद किया गया था। मृतका की पहचान बलिया बेलौन थाना के बहादुरपुर गांव की रहने वाली थी। एसपी ने बताया कि मामला उजागर करने के लिए थानाध्यक्ष संजय पांडेय ने त्वरित कार्रवाई की। अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि मृतका के घर में खड़ी गांव निवासी मदन राय राजमिस्त्री के रूप में कुछ दिन काम किया था। इसी दौरान महिला से मदन राय की पहचान हुई। दोनों के बीच मोबाइल पर भी बातचीत होती थी। यह बात आरोपित ने राजमिस्त्री का काम करने वाले थाना क्षेत्र के विधानपुर के निवासी संजार आलम को बताई। संजार ने महिला के रिश्ते में साली होने की बात कह बुलाने को कहा। आरोपित मदन ने 20 नवंबर को महिला को विधानपुर बुलाया। शाम के वक्त विधानपुर पहुंचने पर संजार ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। मदन राय ने भी महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पहचान उजागर होने के डर से आरोपितों ने गला दबा महिला की हत्या करने के बाद शव को जलकुंभी के नीचे छुपा दिया। एसपी ने बताया कि आरोपित मदन राय और संजार आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है।