दिल्ली में फ्लैट दिलाने के नाम पर विदेशों से भी की थी चार सौ करोड़ की उगाही
खगड़िया। दिल्ली के द्वारका में फ्लैट दिलाने के नाम पर शातिरों ने विदेश से भी चार सौ करोड़
खगड़िया। दिल्ली के द्वारका में फ्लैट दिलाने के नाम पर शातिरों ने विदेश से भी चार सौ करोड़ की उगाही की थी। कंपनी के बिहार में उगाही करवाने वाले मुंगेर के खड़गपुर स्थित लोहची पहाड़पुर के विनोद सिंह कोरोना काल में लग्जरी वाहन से दिल्ली आते-जाते थे और बिहार के भी कई वीआइपी लोगों को प्रलोभन देकर दिल्ली ले जाते थे और वहां कंपनी के प्रमुख सत्येंद्र मान से मिलवाकर विश्वास दिलाते थे। उसके बाद चेक के माध्यम से लाखों रूपये लेते थे और भरोसा देते थे कि जल्द ही उन्हें फ्लेट मिल जाएगा। खगड़िया के चर्चित डॉक्टर एच. प्रसाद भी उनके झांसे में आकर करीब 18 लाख रूपये फ्लेट लेने के नाम पर दे दिए। कई बार दिल्ली जाने व कंपनी के लोगों द्वारा अगर- मगर करने पर डॉक्टर को आशंका होने लगी और उन्होंने चित्रगुप्तनगर थाना में केस दर्ज करवाकर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद एसपी अमितेश कुमार के आदेश पर पुलिस इसकी तह में जाने को लेकर सक्रिय हो उठी। डीएसपी सह चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने सक्रियता दिखाते हुए विनोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ में सामने आया कि फ्लेट दिलाने के नाम पर कई अरब की उगाही की गई है। विनोद ने कबूल किया कि उसने ही दिल्ली के उक्त कंपनी के प्रमुखों से वीआइपी लोगों को जोड़ा था। विनोद ने बताया कि फ्लेट देने में विलंब होने पर लोग उन्हें तंग करते थे, तो कोरोना काल में भी वे लग्जरी वाहन से दिल्ली जाते थे। उसने यह भी बताया कि देश के कई राज्यों में इसका जाल फैला हुआ है और दिल्ली में फ्लेट दिलाने के नाम पर विदेश से भी करीब चार सौ करोड़ की उगाही की गई थी। उसने यह भी बताया कि देश के बिहार, यूपी समेत अन्य राज्य के करीब सात सौ वीआइपी लोगों से फ्लेट दिलाने के नाम पर 18-18 लाख जमा कराए गए थे। जबकि विदेश के चार सौ लोगों से भी फ्लेट दिलाने के नाम पर इतनी राशि वसूल की गई थी। बहरहाल, कम लोग ही थाना पहुंच कर इसकी अब तक शिकायत किए हैं । इसकी उच्च स्तरीय जांच हो, तो कई बड़े लोग भी घेरे में आएंगे। ''खगड़िया में पीड़ित डॉक्टर द्वारा दर्ज कराए गए केस की गहन जांच की जा रही है। मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर प्रकिया अपनाई जा रही है।
ज्योति कुमारी, डीएसपी सह थानाध्यक्ष चित्रगुप्तनगर, खगड़िया।