घरों का छप्पर उड़ने व पेड़ गिरने से लोगों को हुआ नुकसान
संवाद सूत्र मनसाही (कटिहार) तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। सदर प
संवाद सूत्र, मनसाही (कटिहार): तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। सदर प्रखंड के सिरनिया पूर्व पंचायत के तीन गांव एवं मनसाही प्रखंड के कुरेठा पंचायत के आधा दर्जन गांव में व्यापक क्षति पहुंची है। इन दोनों ही पंचायतों में दर्जनों फुस के घरों के छप्पर जहां उड़ गए हैं वही कई जगहों पर घरों पर पेड़ गिरने से भी गृह स्वामी को व्यापक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी आंधी बारिश से लोगों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे बिजली का तार एवं पोल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। आंधी और बारिश से आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की भी खबर है। जबकि कई लोगों की जानें बाल बाल बची है। सदर प्रखंड के सिरनिया पूर्व पंचायत के सिरनिया बारी, गोलाघाट ,जाफरगंज गांव में लोगों के घर बार तहस-नहस हो गए। पीड़ित आनंद पासवान, मो रुस्तम, मो असलम, मो इरशाद, दिनेश पासवान, बाली पासवान, अरविद पासवान आदि ने सरकार से घरों के निर्माण के लिए मुआवजे की मांग की। ऐसा ही मंजर सिरनिया पूर्व पंचायत से सटे मनसाही प्रखंड के भखरीपुर, एकोना, गोलाघाट, डुमरिया संगतीबारी गांव में भी देखने को मिला। पीड़ित सत्येंद्र पासवान, संजय उरांव, चुन्नू मरांडी, विनोद उरांव, श्रीकांत उरांव, बहादुर उरांव आदि ने बताया कि आंधी और बारिश से काफी क्षति पहुंचा है। घरबार से लेकर घर के अंदर रखे सामान भी बर्बाद हो गए हैं। इससे सिरनिया गांव में स्थित मूढ़ी मील एवं मिठाई काउंटर निर्माण करने वाली एजेंसी में भी काफी क्षति पहुंची है। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में हुए व्यापक क्षति को लेकर सरकार एवं प्रशासन से क्षति का आकलन करते हुए पीड़ितों को आवश्यक मुआवजा देने की मांग की है।