कटिहार सदर से सोनी व हसनगंज से नीलू देवी बनीं प्रखंड प्रमुख
संवाद सहयोगी कटिहार सदर अनुमंडल कार्यालय सभागार में सोमवार को कटिहार सदर व हसनगंज प्रखंड के प्रमुख और उपप्रमुख पद का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।
संवाद सहयोगी, कटिहार : सदर अनुमंडल कार्यालय सभागार में सोमवार को कटिहार सदर व हसनगंज प्रखंड के प्रमुख और उपप्रमुख पद का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी शंकर शरण ओमी ने सबसे पहले सदर प्रखंड व हसनगंज प्रखंड के निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान प्रक्रिया के बाद सदर प्रखंड प्रमुख पद पर सोनी सिंह तथा उपप्रमुख पद पर अनवर अंसारी निर्वाचित घोषित किए गए। प्रमुख पद के लिए तीन लोगो ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। सदर प्रखंड के कुल नौ पंचायत समिति सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया। जिसमें सोनी सिंह को पांच व रूखसाना खातून को चार मत मिले। वही उप प्रमुख पद पर भी दो लोगो ने पर्चा दाखिल किया। जिसमें अनवर अंसारी को पांच व शमीम आलम को चार मत मिले।
दूसरे सत्र में हसनगंज प्रखंड के प्रमुख व उप प्रमुख पद का चुनाव कराया गया। सदर एसडीओ ने बताया कि इस प्रखंड के सभी छह पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे। हसनगंज प्रखंड प्रमुख पद पर दो पंचायत समिति सदस्य ने नामांकन पर्चा दाखिल किया गया। नीलू देवी को तीन तथा मनोज मंडल को दो मत मिले। एक मत रद किया गया। सदर एसडीओ ने निर्वाचित प्रमुख व उपप्रमुख को प्रमाणपत्र दिया। प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव को लेकर सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। कटिहार सदर व हसनगंज प्रखंड के प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव के साथ ही जिले में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया समाप्त हो गई।