्रभाड़े के शूटर से कराई गई थी धनराज यादव की हत्या
जागरण संवाददाता कटिहार 17 नवंबर को सहायक थाना के शरीफगंज नया टोला में धनराज यादव की गोली मार हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर रायफल बंदूक मास्केट पिस्टल और 17 गोलियां बरामद की है।
जागरण संवाददाता, कटिहार : 17 नवंबर को सहायक थाना के शरीफगंज नया टोला में धनराज यादव की गोली मार हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर रायफल, बंदूक, मास्केट, पिस्टल और 17 गोलियां बरामद की है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी ने बताया कि धनराज यादव की हत्या शूटर से कराई गई थी। हाल ही में पिस्टल और गोली के साथ गिरफ्तार हवाई अड्डा निवासी लालेश्वर सहनी उर्फ लालू सहनी जेल में बंद है। लालू सहनी ही हत्याकांड का मास्टरमाइंड है।
हत्या की इस घटना को कुरसेला के कटरिया निवासी शूटर सचिन कुमार व मधेपुरा जिले के रतवारा थाना क्षेत्र के मासूम सिंह ने अंजाम दिया था। मासूम फिलहाल कटरिया में अपने मामा के घर रह रहा था। घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। सूचना के आधार पर छापेमारी कर शूटर सचिन कुमार और मासूम सिंह को गिरफ्तार किया गया। निशानदेही पर दो अन्य अपराधी कटरिया के सावन कुमार सिंह एवं अभिषेक कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। नामजद आरोपितों में एक संतोष यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड लालू सहनी ने पूर्व में भी धनराज को जान से मारने की धमकी दी थी। एसपी ने बताया कि आपसी रंजिश के कारण प्रथमद्रष्टया में हत्या की घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी बिदुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।