कैमूर में ट्रैफिक पुलिस जवानों की कमी से व्यवस्था फेल
जिला मुख्यालय सहित अनुमंडल मोहनियां में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण आए दिन जाम की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
भभुआ: जिला मुख्यालय सहित अनुमंडल मोहनियां में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण आए दिन जाम की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। जाम की समस्या का सबसे अधिक फजीहत स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने के दौरान झेलनी पड़ रही है। वर्तमान समय में 17 ट्रैफिक पुलिस जवानों के सहारे यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा रहा है। लेकिन जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है।
बता दें कि भभुआ नगर में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 13 पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें नगर के एकता चौक व जय प्रकाश चौक पर प्रतिनियुक्ति है। चुनाव के चलते विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्ति नहीं होने की बात पदाधिकारियों द्वारा बताई जा रही है। नगर में बाइपास नहीं होने के कारण बड़े व छोटे वाहनों का मुख्य बाजार में ही आना-जाना रहता है। यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने वाले पुलिस जवानों की ड्यूटी निर्धारित समय के अनुसार लगाई जाती है। जिला मुख्यालय में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात थाना की भी स्थापना की गई है।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने कहा कि भभुआ व मोहनियां नगर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। बाइपास नहीं होने के कारण मुख्य बाजारों में सभी तरह के वाहनों का प्रवेश हो रहा है। इससे भीड़ अधिक हो रही है।
नगर को जोन में बांट कर ट्रैफिक व्यवस्था किया जाएगा सुदृढ़ : एसपी
एसपी राकेश कुमार ने बताया कि भविष्य के दस वर्ष तक के ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कार्य योजना बना कर मुख्यालय को भेजा गया है। वर्तमान से लेकर आगामी दस वर्ष तक के लिए बनाई गई कार्य योजना के तहत सौ पुलिस जवान, तीन इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी, 15 सब इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी, चार चार पहिया व 15 बाइक की आवश्यकता बताई गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। नगर को जोन में बांट कर ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने की योजना है।