अस्पताल में डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ी
कैमूर। मौसम की असमानता के चलते सदर अस्पताल में डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ने लगी
कैमूर। मौसम की असमानता के चलते सदर अस्पताल में डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। औसतन एक दर्जन से अधिक रोगी रोज सदर अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। मंगलवार को 8 से 12 बजे के बीच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के आधा दर्जन डायरिया से पीड़ित लोग इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती किये गये। मिली जानकारी के अनुसार डायरिया से पीडि़त भभुआ प्रखंड के नऊंवा झोटी निवासी 75 वर्षीय जंग बहादुर लाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी क्रम में चैनपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी गुड्डू राम की नौ माह की पुत्री छाया कुमारी को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र के बसनपुर निवासी बहादुर प्रसाद की 30 वर्षीय पत्नी आशा देवी भी डायरिया रोग से पीड़ित होने से अस्पताल में भर्ती करायी गई। भभुआ प्रखंड के बहुअन गांव निवासी उमेश कुमार की पत्नी 35 वर्षीय फूला देवी व उनकी तीन वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।