सर्वे कार्य में सेविकाओं की लापरवाही हुई उजागर
प्रखंड क्षेत्र में पूर्व में कराए गए शौचालय संबंधी सर्वे में लापरवाही का मामला प्रकाश म।ें
कैमूर। प्रखंड क्षेत्र में पूर्व में कराए गए शौचालय संबंधी सर्वे में लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। जिसमें आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा घर बैठे सर्वे करने का काम किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार इसिया पंचायत के वार्ड संख्या आठ ग्राम मदरा में निर्मला देवी आंगनबाड़ी सेविका को कितने घरों में शौचालय निर्माण हुआ है और कितने घरों में शौचालय निर्माण कराना बाकी है इसकी सर्वे कर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं मंजू देवी आंगनवाड़ी सेविका को इसिया पंचायत के वार्ड संख्या एक में इसी कार्य हेतु सर्वे कार्य में लगाया गया था। कुछ समय बाद ओडीएफ से संबंधित बैठक में मंजू देवी के द्वारा बताया गया कि मेरा गृह स्थल मदरा है इसलिए सर्वे का कार्य मुझे मदरा में ही दिया जाए और वह भी मदरा में ही सर्वे का कार्य करने लगी।
जब सर्वे रिपोर्ट दोनों आंगनबाड़ी सेविका के द्वारा जमा किया गया तो दोनों की रिपोर्ट में काफी अंतर था। मंजू देवी के द्वारा सर्वे में कुल 191 घर दिखाया गया है। जिसमें 125 घर में शौचालय का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। मात्र 66 घरों में शौचालय का अब तक निर्माण हुआ है। वहीं निर्मला देवी के सर्वे रिपोर्ट के अनुसार वार्ड संख्या 8 में 160 घर ही हैं। जहां 93 घरों में शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है और 67 घरों में शौचालय का निर्माण हो चुका है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार के द्वारा बताया गया कि पूर्व के सर्वे में काफी गड़बड़ी है। इसलिए पूरे प्रखंड में फिर से सर्वे करवाया जा रहा है। नई सर्वे रिपोर्ट आने के बाद पिछले सर्वे रिपोर्ट में गलत जानकारी देने वाले कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।