डीएम से मिला राजद का प्रतिनिधिमंडल
पेज दो- डीएम से मिला राजद का प्रतिनिधिमंडल
राजद के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी से मिलकर किसानों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल कार्यकर्ताओं ने डीएम को आवेदन देकर धान को हार्वेस्टर से काटने पर रोक लगाने से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे में बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस वर्ष 1 लाख 10 हजार हेक्टेयर में धान की फसल हुई है। मौसम की बेरुखी के बाद भी कड़ी मेहनत से धान की फसल हुई है। हार्वेस्टर से प्रति एकड़ की कटाई 16 सौ रुपए है। जबकि मजदूर से कटाई 15 हजार रुपए प्रति एकड़ खर्च आता है। लागत पर गौर करें तो लगभग 10 गुना खर्च किसानों पर बढ़ जाता है। जो सरकार मूल्य आयोग के सामने कभी नहीं रखती। इसके चलते धान का मूल्य तय करते समय कम से कम पांच सौ रुपए बढ़ाना एकमात्र विकल्प है। अन्य विकल्प में सरकार सीधे किसानों के खाते में प्रति एकड़ 13 हजार रुपए अतिरिक्त राशि डाल दें। इससे किसानों को धान का पुआल जलाने से मुक्ति मिल जाएगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि असमय बारिश के चलते धान की फसल में पहले ही देर हो चुकी है और अगली फसल की तैयारी में भी विलंब होने की संभावना है। ऐसे में किसान चौतरफा नुकसान कैसे सह पाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में सुधाकर सिंह, भोला नाथ यादव, जनार्दन उपाध्याय, अवनीश पांडेय, अकलू राम, सच्चिदानंद यादव, राहुल पांडेय, सिधेश्वर कुशवाहा, सलाउद्दीन अंसारी आदि शामिल थे।