बच्चों के विवाद को हुई मारपीट में नौ घायल
नगर के वार्ड 14 में शुक्रवार की सुबह बच्चों के विवाद को ले बड़ों के बीच हुई मारपीट
नगर के वार्ड 14 में शुक्रवार की सुबह बच्चों के विवाद को ले बड़ों के बीच हुई मारपीट में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज अब भी चल रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरूद्ध कार्रवाई के लिए थाना में आवेदन दिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राम के निर्देश पर एएसआई अयोध्या पासवान ने अस्पताल पहुंच कर फर्द बयान लिया। मामले की जांच कर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड 14 निवासी व नगर परिषद में संविदा पर सफाई कार्य करने वाले शंकर राम के पुत्र बबुआ को पास के घर के बच्चे कुछ कह कर चिढ़ा रहे थे। लड़के ने इसकी शिकायत परिजनों से की। इसी बात को ले दोनों परिवारों के लोग आपस में बकझक करते हुए मारपीट करने लगे। ठेला व डंडे से हुई मारपीट में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। घटना में प्रथम पक्ष के वशिष्ठ राम की पत्नी मधू देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनका इलाज सदर अस्पताल में अब भी चल रह रहा है। अन्य घायलों में प्रथम पक्ष के सोनू कुमार की पत्नी पूजा देवी, महेंद्र राम की पत्नी पार्वती देवी, कन्हई राम के पुत्र विलास राम व मनोज राम तथा दूसरे पक्ष के श्यामा राम की पत्नी बुचिया देवी व पुत्र निठाली राम, संतोषी देवी आदि शामिल है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र राम ने बताया कि घायलों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। समाचार प्रेषण तक दोनों पक्षों से जुड़े अन्य लोग आपस में सुलह कराने का प्रयास कर रहे थे।