शिक्षक दंपती की मौत से परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
माता पिता की एक साथ हुई मौत से अनाथ हो गए दोनों नाबालिग बच्चे - परिवार के सदस्यों का रो रो कर हुआ बुरा हाल संवाद सूत्र रामगढ़ स्थानीय थाना क्षेत्र के भतौनी गांव निवासी शिक्षक दंपती की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत से परिवार प
स्थानीय थाना क्षेत्र के भतौनी गांव निवासी शिक्षक दंपती की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपने घर परिवार के जीविका का साधन बनने वाले इन दोनों पति-पत्नी के एक साथ एक ही समय मौत ने बच्चों को अनाथ बना दिया। मणिशंकर दस व रविशंकर आठ वर्ष दोनों नाबालिग बच्चों के आंख से गिरते आंसू से घर आने जाने वाले लोगों का कलेजा पिघल जा रहा है। मसाढ़ी पंचायत के भतौनी गांव में इस घटना से कोहराम मच गया है। गांव की सभी गलियां सुनी हो गई है। चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक में शिक्षक मनोज खरवार (38) व उनकी शिक्षिका पत्नी रीता देवी (32) शामिल हैं। मनोज मध्य विद्यालय भड़हेरिया व रीता प्राथमिक विद्यालय गोगाढ़ी में शिक्षिका थी। दोनों दंपती शिक्षक दो सटे पंचायत के विद्यालय में कार्यरत थे। इसके पहले दोनों शिक्षक एक ही पंचायत में दो अलग अलग विद्यालय में शिक्षा की लौ जगा रहे थे। प्रतिदिन दोनों दंपती शिक्षक एक बाइक से ही स्कूल आते जाते थे। समय के पाबंद थे। स्कूल से इनका गहरा नाता रहता था। अभी नौकरी के कुछ ही वर्ष बीते थे कि दोनों एक साथ काल कल्वित हो गए। इस हृदय विदारक घटना ने अबोध दोनों बालकों का ताना बाना ही छिन भिन्न कर दिया है। दो भाई योगेश व रविद्र का भी हाल बुरा है। सारा खेल इन्हीं दोनों पति-पत्नी की बदौलत खेला जा रहा था कि बीच रास्ते में ही खेल खत्म हो गया। कहावत सच ही है कि होइहें वही जो राम रची राखा। विधाता को इन दोनों दंपती शिक्षक को एक साथ मौत देनी थी, नहीं तो शिक्षिका का बनारस जाने का इरादा नहीं था। पति मनोज के आग्रह पर वे बाइक पर सवार होकर सौंदर्य आदि सामानों की खरीदारी करने निकली थी। लेकिन बीच रास्ते में यह सौंदर्य बिखर गया। बनारस से घर लौटने के क्रम में रामनगर थाना के टेंगरा मोड़ पर काल बनकर आए तेल के टैंकर ने इन दोनों दंपती शिक्षक को रौंद दिया। जबकि ये दोनों अपने साइड से जा रहे थे। इस घटना से रामगढ़ के दो विद्यालय भड़हेरिया व गोगाढ़ी में प्रार्थना के बाद शोक सभा कर विद्यालय बंद कर दिया गया। इसके अलावा सभी विद्यालयों में शिक्षकों ने शोक सभा आयोजित कर श्रद्दांजलि दी गई। पंचायत के मुखिया कृष्ण प्रताप उर्फ मुन्ना सिंह तथा सरपंच सुधाकर तिवारी मृतक परिवार के घर पहुंच परिजनों को ढाढस बंधा रहे हैं।