अपहृत लड़का यूपी के गाजीपुर से बरामद, अपहर्ता गिरफ्तार
जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव से 13 जनवरी की रात अशोक पांडेय के पुत्र प्रियांशु पांडेय का अपहरण किया गया था।
कैमूर। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव से 13 जनवरी की रात अशोक पांडेय के पुत्र प्रियांशु पांडेय का अपहरण किया गया था। इस मामले में रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपहृत लड़के प्रियांशु को यूपी के गाजीपुर जिला के भरवरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही अपहर्ता उक्त गांव का सत्यनारायण तिवारी के पुत्र विश्वामित्र तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसपी राकेश कुमार ने बताया कि विश्वामित्र तिवारी द्वारा बताया गया कि इनके लड़का के द्वारा किसी अन्य के सहयोग से प्रियांशु को यहां लाया गया। दो मोबाइल भी बरामद किया गया है। बता दें कि 13 जनवरी को कर्णपुरा गांव निवासी अशोक पांडेय के पुत्र प्रियांशु का अपहरण हुआ था। तब अशोक पांडेय के घर दो अज्ञात लोग आकर गृह प्रवेश के लिए समय मांगा। जिस पर इनके द्वारा बताया गया कि अभी खरमास चल रहा है। पूजा नहीं होगा। इसके बाद उक्त दोनों लोगों द्वारा बताया गया कि कुछ सामान लेना है। दुकान के बारे में पूछ कर प्रियांशु को साथ दुकान दिखाने के लिए भेजने की बात कही। अशोक पांडेय ने दोनों अज्ञात लोगों के साथ दुकान दिखाने के लिए अपने पुत्र प्रियांशु को भेज दिया। लेकिन काफी देर तक लड़का नहीं आया। स्वजन काफी खोजबीन किए। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। तब उन्होंने रामगढ़ थाना में मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को अनुसंधान के क्रम में यह पता चला कि अशोक पांडेय के मोबाइल पर अपहरणकर्ता द्वारा 13 जनवरी को ही सात बजे के लगभग आठ लाख रुपये फिरौती के रूप में मांग की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर मोहनियां एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटना के 24 घंटा के अंदर अपहृत लड़का को सकुशल बरामद करते हुए अपहर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया। टीम में प्रभारी डीआइयू, भभुआ व रामगढ़ थानाध्यक्ष शामिल रहे।