मां दुर्गा की आराधना से जिले में बह रही भक्ति की गंगा
जिले में शारदीय नवरात्र को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। घरों के साथ मंदिरों में मां दुर्गा की सुबह से लेकर देर रात तक आराधना हो रही है। इससे भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
कैमूर। जिले में शारदीय नवरात्र को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। घरों के साथ मंदिरों में मां दुर्गा की सुबह से लेकर देर रात तक आराधना हो रही है। इससे भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। हालांकि बाजार में पूजा पंडालों में पूर्व की तरह माहौल नहीं है। क्योंकि किसी पूजा पंडाल में डीजे या लाउडस्पीकर नहीं बज रहा है। मंत्रोच्चारण भी सिर्फ पंडाल में बैठे लोग ही सुन रहे हैं। बाजार में सिर्फ चुनाव प्रचार के गीत सुनाई दे रहे हैं। इसके चलते बाजार में इस बार दुर्गा पूजा का रंग फीका लग रहा है। बाजार में किसी तरह की सजावट नहीं हो रही है। बाजार में मेला भी नहीं लग रहा है। इसके चलते बाजार में कुछ अलग नहीं है। लेकिन इस बार मंदिरों में उम्मीद से अधिक भीड़ हो रही है। कोरोना काल में लॉकडाउन के बाद खुले मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं में कोरोना का डर है ही नहीं। श्रद्धालु बस अपनी आंखो से मां दुर्गा का दर्शन करने को बेताब हैं। मां मुंडेश्वरी मंदिर में अल सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो जा रही है। देर शाम तक श्रद्धालु मां मुंडेश्वरी का दर्शन करने के लिए कतार में खड़ा रह रहे हैं। इसके अलावा अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में सुबह से ही महिला श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लेकिन इस बार चुनाव व कोरोना के चलते अन्य प्रदेशों में स्थित देवी स्थानों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ही कम है। वहीं कई घरों में मां दुर्गा की पूजा अर्चना हो रही है। कई घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ हो रहा है।