भभुआ में दीया गिरने से साड़ी में लगी आग, विवाहिता की झुलसकर मौत
कैमूर में दीया से लगी आग में विवाहिता की जलकर मौत हो गई। देर रात लाइट जाने के बाद दीया जलाने के क्रम में हादसा होने से दर्दनाक घटना हुई।
कैमूर, जेएनएन। भभुआ थाना क्षेत्र के कुड़ासन गांव में रविवार की रात ढिबरी (दीया) गिरने से विवाहिता की साड़ी में आग लग गई। हादसे में जली महिला को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के क्रम में महिला की मौत हो गई। मृतका कुड़ासन गांव निवासी रामचेला पासवान की पत्नी ब्यूटी देवी बताई जाती है। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गई ढिबरी
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कुड़ासन गांव के रामचेला पासवान की पत्नी ब्यूटी देवी अपने घर में सोई थी। रविवार की रात अचानक बिजली कट गई। बिजली कटने के बाद उसने घर में रोशनी के लिए ढिबरी जलाई। लेकिन अचानक ढिबरी हाथ से छूट कर जमीन पर गिर गई और किरोसिन तेल फैल गया। जिससे फर्श पर आग लगने लगी। जिसे बुझाने में आग ब्यूटी की साड़ी में लग गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
साड़ी में आग पकड़ने पर ब्यूटी देवी चिल्लाने लगी। उसकी आवाजसुन कर उसका पति बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन उसके बचाते-बचाते महिला का शरीर काफी जल गया। घटना के बाद घायल को लेकर उसका पति रामचेला पासवान व गांव के कुछ लोग रात के एक बजे सदर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन लगभग साढ़े तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। सोमवार की सुबह लगभग नौ बजे शव का पोस्टमार्टम किया गया। सदर अस्पताल में भभुआ थाना की पुलिस ने पहुंच कर पति का फर्द बयान भी लिया। इसके बाद परिजन शव को दाह संस्कार के लिए ले गए।
भभुआः सड़क दुर्घटनाओं में दस लोग घायल
भभुआ जिल में अलग- अलग स्थानों पर रविवार की देरशाम व सोमवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटनाओं में दस लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घायलों में नगर के वार्ड 22 निवासी सुदामा प्रसाद, रतवार गांव निवासी मनजीत पांडेय, अधौरा थाना क्षेत्र के दीघा निवासी उमेश शर्मा, देनवा गांव निवासी मनोज राम की पुत्री सपना कुमारी, नगर के वार्ड 24 निवासी विजेंद्र ङ्क्षबद, वार्ड आठ निवासी आमिर अली, शिवपुर गांव निवासी रामाधीन राम व उनकी पुत्री स्वाती कुमारी, सिघी गांव निवासी रमेश राम की पुत्री प्रिया कुमारी व चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव निवासी धमेंद्र कुमार शामिल है।