दिसंबर में क्रय केंद्रों ने खरीदे मात्र 3209 एमटी धान
जिले में दिसंबर माह में सरकारी क्रय केंद्रों द्वारा मात्र 3209 एमटी धान का खरीद किया गया है।
कैमूर। जिले में दिसंबर माह में सरकारी क्रय केंद्रों द्वारा मात्र 3209 एमटी धान का खरीद किया गया है। यह खरीद अब तक निबंधित 2181 किसानों में से मात्र 311 किसानों से की गई है। जबकि धान क्रय का सरकारी लक्ष्य इस वर्ष कुल एक लाख 95 हजार 500 एमटी निर्धारित किया गया है।
बता दें कि जिले में सरकारी धान क्रय केंद्रों को एक दिसंबर से चालू किया जाना था। लेकिन तैयारी के अभाव में सरकारी क्रय केंद्र 14 दिसंबर से चालू किए गए। लेकिन क्रय केंद्रों के खरीद के रफ्तार अब तक गति नहीं पकड़ सकी है। कारण कभी नमी अधिक होना तो कभी किसानों के ऑनलाइन निबंधन का लफड़ा तो कभी पैक्सों के कैश क्रेडिट की समस्या। जिला कृषि सहकारिता पदाधिकारी इन्हीं कारणों को धीमी खरीद का जिम्मेदार बता रहे हैं।
बता दें कि जिले में 142 पैक्सों और नौ व्यापार मंडलों को धान के खरीद के लिए अधिकृत किया गया है। लेकिन दिसंबर माह तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में मात्र 57 क्रय केंद्र चालू हो पाए थे। जबकि इस माह के अंत तक जिला सहकारिता विभाग से मिले जानकारी के अनुसार 2181 किसानों का ऑनलाइन निबंधन सत्यापित किया जा चुका था। बावजूद इसके मात्र 311 किसानों का धान ही खरीदा जा सका है। मिली जानकारी के अनुसार दिसंबर माह में कुल 151 क्रय केंद्रों में मात्र 57 केंद्र चालू हो पाए थे। हालात इतने बदतर हैं कि दिसंबर माह तक कुदरा प्रखंड में मात्र नौ किसान, अधौरा प्रखंड में मात्र छह किसान, नुआंव प्रखंड में मात्र पांच किसान, चैनपुर प्रखंड में मात्र 14 किसानों का धान सरकारी क्रय केंद्रों ने खरीद कर धान खरीद के नाम पर अब तक मात्र कोरम पूरा किया गया है। चांद प्रखंड में तो किसी किसान का धान ही नहीं क्रय किया गया था। इसी तरह जहां तक धान क्रय केंद्रों की चालू होने की बात है दिसंबर माह में अधौरा प्रखंड में मात्र एक, चैनपुर प्रखंड में दो, नुआंव तथा कुदरा प्रखंड में चार-चार, रामगढ़ तथा रामपुर प्रखंड में पांच- पांच किसानों का धान क्रय किया गया।
प्रखंडों से खरीदे गए धान की मात्रा
प्रखंड मात्रा
भभुआ 744 एमटी
मोहनियां 641 एमटी
रामपुर 647 एमटी
रामगढ़ 370 एमटी
भगवानपुर 233 एमटी
चैनपुर 167 एमटी
दुर्गावती 210 एमटी
अधौरा 81 एमटी
कुदरा 65 एमटी
नुआंव 51 एमटी
चांद 00 एमटी