रात को घर से मड़ई में सोने गए युवक का सुबह पेड़ से लटकता मिला शव
बेलांव थाना क्षेत्र के सोनरा गांव में गुरुवार रात को घर से मड़ई में सोने गए युवक का शव शुक्रवार सुबह पेड़ से लटकता हुआ मिला। उसके गले में रस्सी लगने जैसा काला निशान भी है।
बेलांव थाना क्षेत्र के सोनरा गांव में गुरुवार रात को घर से मड़ई में सोने गए युवक का शव शुक्रवार सुबह पेड़ से लटकता हुआ मिला। उसके गले में रस्सी लगने जैसा काला निशान भी है। इस बात की जानकारी क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। मृतक की पहचान सोनरा गांव के दरगाही प्रजापति के सबसे छोटे पुत्र उमेश प्रजापति (30 वर्ष) के रूप में की गई। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। परिजनों द्वारा बताया गया कि युवक कुछ दिनों से मानसिक तनाव व बीमार चल रहा था। बहरहाल युवक की हत्या हुई या उसने खुदकशी की, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगा। मृतक के पिता दरगाही प्रजापति ने बताया कि मेरे पांच पुत्रों में सबसे छोटा पुत्र उमेश था। जो बहुत सीधा था। गुरुवार की रात 10 बजे खाना पीना खाकर रोज की तरह गांव के पश्चिम मड़ई में सोने के लिए गया और हम सभी लोग खाना खाकर घर पर सो गए। शुक्रवार की सुबह 5.30 बजे परिवार के लोग पशु को खिलाने के लिए कुट्टी लाने के लिए गए तो देखा कि पीपल के पेड़ से उमेश का शव लटक रहा है। दौड़े-दौड़े मेरे पास आए और इसकी जानकारी दी। तब मैं और मेरे बेटे के साथ गांव के लोग वहां पहुंचे। पेड़ से रस्सी को काटकर शव को नीचे उतारा गया। ग्रामीणों द्वारा बेलांव थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बेलांव थानाध्यक्ष शुभेन्द्र कुमार, एएसआइ संजय कुमार, दिलीप कुमार दुबे के साथ आधा दर्जन सैप के जवान पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक उमेश बेलांव बाजार में ठेले पर सब्जी बेचता था। तो कभी मिट्टी की बर्तन भी बेचता था। इसी से अपने घर का खर्चा चलाता था। उसके दो बेटे व एक बेटी है। तीनों में बड़ी ज्योति कुमारी उम्र पांच वर्ष बड़ा बेटा सूरज कुमार तीन वर्ष सबसे छोटा बेटा तीन माह का है। पत्नी अर्चना देवी की उम्र 28 वर्ष बताई गई। उधर, पत्नी व परिजनों की को रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के गर्दन में काले धब्बे रंग का निशान है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। शव को पोस्टमार्टम करा कर उनके परिजन को सौंप दिया जाएगा।
- शुभेन्द्र कुमार, बेलांव थानाध्यक्ष