घरों में रह लोगों ने ईद पर्व पर अमन-चैन की मांगी दुआ
जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित सभी प्रखंडों में सोमवार को ईद पर्व उत्साह के माहौल में मनाया गया।
जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित सभी प्रखंडों में सोमवार को ईद पर्व उत्साह के माहौल में मनाया गया। सभी जगहों पर लोग घरों में रह कर ईद की नमाज अदा कर देश में अमन-चैन की दुआ मांगे। सभी घरों में ईद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने अपने घरों के सदस्यों को बिना गला मिले और हाथ मिलाए ईद की मुबारकबाद दिए। इसमें घर के बच्चों व बुजुर्गों ने भी भाग लिया। इसके बाद लोगों ने अपने घरों में सेवइयां पी। वहीं अपने सगे संबंधियों के यहां फोन कर या व्हाट्सएप के माध्यम से ईद की मुबारकबाद दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह लोगों ने सुबह में अपने घरों में नमाज अदा की। इस दौरान लोगों ने फिजिकल डिस्टेंसिग का पूरा अनुपालन किया। हालांकि सभी लोगों के घरों में रह कर नमाज अदा करने व बाहर कहीं भीड़ नहीं होने से प्रशासन को किसी तरह की व्यवस्था नहीं करनी पड़ी। लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्ती करती रही। ईद पर्व को लेकर भभुआ सहित अन्य प्रखंडों के बाजारों में लगभग सभी दुकानें बंद रही। एक-दो दुकानें खुली, लेकिन किसी ग्राहक के नहीं आने पर दोपहर से पूर्व ही दुकान बंद कर दुकानदार अपने घर चले गए। ईद पर्व में इस वर्ष भी कैमूर जिले में भाईचारा का माहौल कायम रहा। सभी लोग एक दूसरे से मिलने पर ईद की बधाई दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल कर गलियों में एक दूसरे से मिल कर ईद की बधाई दी। गांवों में भी काफी उत्साह का माहौल रहा। घरों में देर रात तक उत्साह का माहौल कायम रहा और लोग ईद पर्व की खुशी मनाते रहे। हालांकि इस बार कहीं भीड़ नहीं हुई। इसके चलते बच्चों को खिलौना आदि नहीं मिल सका। कई गरीब ईद पर्व में होने वाली सामूहिक नमाज के स्थान पर पहुंचते थे। नमाज पढ़ने के बाद घर जाने के दौरान लोग गरीबों को दान देते थे। इस बार यह कार्य नहीं हो सका। इसके चलते लोग गरीबों को खोज कर दान दिए।