अधौरा में उत्साह पूर्वक मना बिहार स्थापना दिवस
बिहार स्थापना दिवस के क्रम में गुरुवार की शाम प्रखंड मुख्यालय के पास प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कैमूर: बिहार स्थापना दिवस के क्रम में गुरुवार की शाम प्रखंड मुख्यालय के पास प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम राजेश्वर प्रसाद ¨सह व एसपी हरप्रीत कौर ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन बीडीओ संतोष कुमार व प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह जिला मुखिया संघ के प्रवक्ता भगवान यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्राओं द्वारा सामूहिक स्वागत गान से हुई। तत्पश्चात दुग्घा गांव के आदिवासी समुदाय के महिलाओं व पुरुषों द्वारा परंपरागत कर्मा गीत की प्रस्तुति की गई। इस गीत पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने खूब तालियां बजाई। स्थानीय कलाकारों द्वारा बिहार के गौरव गाथा को गीत में प्रस्तुत किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा बिहार में शराब बंदी की झांकी प्रस्तुत की गई। इस मौके पर डीएम ने कहा कि पहाड़ी प्रखंड अधौरा में बिहार स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया यह काफी खुशी की बात है। इसके लिए यहां के लोग और प्रखंड प्रशासन धन्यवाद के पात्र हैं। वहीं एसपी हरप्रीत कौर ने उपस्थित लोगों से कहा कि आप अपने बच्चों को पढ़ाए। शिक्षित बनने पर ही आप सही और गलत की पहचान कर सकेंगे। इस मौके पर बीडीओ, सीओ, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रखंड प्रमुख, मुखिया सहित काफी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।