जीटी रोड पर बस पलटने से एक दर्जन यात्री घायल, एक रेफर
जीटी रोड पर बस पलटने से एक दर्जन यात्री घायल एक रेफर
आनंद विहार से हजारीबाग जा रही एक बस स्थानीय थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव के समीप जीटी रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार एक दर्जन यात्री घायल हो गए। इसमें आधा दर्जन लोगों को काफी चोटें लगी हैं। शेष लोगों को हल्की चोट आई हैं। वातानुकूलित दो मंजिले बस में 50 यात्री सवार थे। घायलों में ग्राम छतरपुर बारा जिला पलामू ( झारखंड) निवासी जगदीश राम की पत्नी बसंती देवी (45), उनके पुत्र रितेश (10), अनिमेष कुमार (8) व पुत्री खुशबू कुमारी (12), माया बिगहा थाना मदनपुर औरंगाबाद निवासी अर्जुन यादव के पुत्र सुनील यादव (35), ग्राम मैगा लहड़ थाना डुमरिया जिला गया निवासी उदय कुमार (25) इत्यादि का नाम शामिल है। सभी घायलों को मोहनियां अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल सुनील यादव को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सिंह लोक नामक एक बस (बीआर 24 के 4199) मंगलवार की रात आनंद विहार से हजारीबाग के लिए चली थी। दो तल वाले इस वातानुकूलित बस में 50 यात्री सवार थे। इसी दौरान पकड़िहार गांव के समीप जीटी रोड में बने डायवर्सन से गुजरते समय पुल के नीचे से एक वाहन निकल रहा था। जिसे देख शराब के नशे में धुत चालक ने पुल के समीप बने मिट्टी की दीवार की तरफ बस को मोड़ दिया। मिट्टी के ऊपर चढ़ने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जिसे सुनकर अगल-बगल के ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने दिलेरी का परिचय देते हुए बस का शीशा तोड़कर उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। एक दर्जन यात्रियों को चोट आई थी। इसमें उक्त छह लोगों को अधिक चोट लगी थी। बाकी यात्री बाल बाल बच गए थे। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एनएचआइ के एंबुलेंस से इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनियां पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज किया गया।
सूचना मिलते ही मोहनियां के थानाध्यक्ष उदय भानू सिंह, एसआइ राजीव कुमार सिंह के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। एनएचआइ की एंबुलेंस को ततकाल सूचना दी गई। एंबुलेंस के साथ रूट पेट्रोलिग सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनियां पहुंचाया गया। थानाध्यक्ष व पुलिस पदाधिकारियों ने बस में रखे गए सामानों को संबंधित यात्रियों को सौंपा। एनएचआइ के क्रेन की मदद से बीच सड़क पर पलटी बस को उठाकर हटाया गया। दुर्घटना के कारण जीटी रोड के उत्तरी लेन में करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया था। दुर्घटनास्थल पर पहुंचे लोगों को यही कहते सुना गया कि संयोग अच्छा है कि सड़क पर बस पलटने के बाद भी जान माल का नुकसान नहीं हुआ। यह यात्रियों पर ईश्वर की बड़ी कृपा है।