दर्शनार्थियों से भरी टेंपो पलटने से एक महिला की मौत, सात घायल
थाना क्षेत्र के मदुरना पंचायत में स्थित उस्मान कोटि मजार पर दर्शन कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला के सैय्यदराजा थाना के ग्राम सोनडीहरा निवासी सात लोग गुरुवार शाम टेंपो पलटने से घायल हो गए। जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
थाना क्षेत्र के मदुरना पंचायत में स्थित उस्मान कोटि मजार पर दर्शन कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला के सैय्यदराजा थाना के ग्राम सोनडीहरा निवासी सात लोग गुरुवार शाम टेंपो पलटने से घायल हो गए। जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनडीहरा के कुछ लोग उस्मान कोटि दर्शन करने के लिए आए थे। इसके बाद उस्मान कोटी टेंपो स्टैंड से टेंपो पर बैठ कर भभुआ रोड स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिए निकले। औखरा तीनमुहानी के पांच सौ मीटर पहले ही अत्यधिक सवारी बैठाने के कारण टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें बैठी शकुंतला देवी पति उमाशंकर चौहान एवं उनके पुत्र सरवन चौहान, सरवन चौहान की पत्नी कुसुम देवी, शिव शंकर यादव, संगीता देवी पति कल्लन प्रजापति सभी सोनडीहरा के निवासी घायल हो गए। वहीं भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमापुर सरैया कि स्व. अवधेश राम की पत्नी पार्वती कुंअर और स्व. पनारू राम की पत्नी निर्मला कुंअर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। टेंपो पलटने के बाद चालक मौके पर से टेंपो को छोड़कर भाग निकला। दुर्घटना होते देख स्थानीय लोग एवं मदुरना पंचायत के मुखिया प्रभु नारायण सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और चैनपुर थाना को सूचना दी। चैनपुर थाना प्रभारी राम कल्याण यादव जगदंहवां डैम में हो रहे मूर्ति विसर्जन के कार्य में निरीक्षण करने जा रहे थे। वह टेंपो पलटने के कुछ ही समय बाद मौके पर पहुंच गए। जिनके द्वारा तत्काल पुलिस वैन से ही सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया एवं चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को फोन कर एंबुलेंस मंगवा कर अज्ञात मृतक महिला के शव को चैनपुर भेजा गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वही मौके पर मौजूद चैनपुर थाना प्रभारी राम कल्याण यादव ने बताया कि अज्ञात महिला के शव को पहचान करवाने के लिए कुछ समय तक चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा जाएगा। इसके बाद भी अगर पहचान नहीं हो पाती है तो भभुआ सदर अस्पताल में शव को सुरक्षित रखने के लिए भेज दिया जाएगा। दुर्घटना के बाद टेंपो चालक टेंपो को छोड़कर फरार हो गया है। टेंपो को जब्त करते हुए चैनपुर थाने में ले आया गया है।