घर में सोई वृद्ध की गोली मारकर की हत्या, दो नामजद
जमुई। शुक्रवार की देर रात सिमुलतला थाना क्षेत्र के कनौदी गांव में अपराधियों ने गोली मारकर वृद्ध महिला की हत्या कर दी। इसमें दो नामजद सहित दो अज्ञात के पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जमुई। शुक्रवार की देर रात सिमुलतला थाना क्षेत्र के कनौदी गांव में अपराधियों ने गोली मारकर वृद्ध महिला की हत्या कर दी। इसमें दो नामजद सहित दो अज्ञात के पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिमुलतला-सुइया मुख्य मार्ग पर शव रखकर लगभग दो घंटे तक मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर अपनी भड़ास निकाली।
एसआइ शंभु कुमार सिंह, कांत प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार के साथ बीएमपी और सैप जवान घटना स्थल पर पहुंचे। परंतु ग्रामीणों ने पुलिस को वरीय पदाधिकारी के आने तक लाश को अंत्यपरीक्षण के लिए उठाने से रोक दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। एसडीपीओ झाझा सतीशचंद्र मिश्रा एवं सर्किल निरीक्षक सुशील कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। आश्वासन के बाद जाम को हटाया। मृत महिला सकुना बीबी पति स्व. मुहामदली मियां है। घटना स्थल से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है। पुत्र शैराउद्दीन मियां ने बताया कि मां का किसी से कोई बैर नहीं था। बीते तीन-चार साल से गांव के एक परिवार से भूमि विवाद चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार अपराधी ने ग्रिल के अंदर हाथ कर हथियार से गोली चलायी होगी। वृद्धा के बायें हाथ में भी गोली लगी है। एसडीपीओ झाझा सतीशचंद्र मिश्रा ने कहा क पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जल्द इस मामले का पटाक्षेप करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर आज से ही गश्ती प्रारंभ की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे के लिए बीडीओ से बात की जाएगी। बांका-जमुई बार्डर पर चेकपोस्ट के लिए जिलाधिकारी को लिखा जाएगा। घटना स्थल पर कनौदी मुखिया प्रतिनिधि अताउल अंसारी, समाजसेवी डा. रहमान, पंसस मु. सत्तार अंसारी, सरपंच मनोरंजन प्रसाद, बसीरूद्दीन अंसारी, राशिद अंसारी, मु. मेराजुद्दीन, इरफान अंसारी ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने में भूमिका निभाई।