युवक की गिरफ्तारी पर महादलितों ने एनएच किया जाम
जमुई। थाना क्षेत्र अंतर्गत भौराटांड़ महादलित बस्ती की दर्जनों महिला एवं पुरुषों ने शुक्रवार की देर रात कैराकादो-भौराटांड़ गांव के समीप एनएच को एक घंटे तक अवरुद्ध कर जमकर उत्पात मचाया। अचानक हुए सड़क जाम से जमुई एवं झाझा की ओर जाने वाली वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जमुई। थाना क्षेत्र अंतर्गत भौराटांड़ महादलित बस्ती की दर्जनों महिला एवं पुरुषों ने शुक्रवार की देर रात कैराकादो-भौराटांड़ गांव के समीप एनएच को एक घंटे तक अवरुद्ध कर जमकर उत्पात मचाया। अचानक हुए सड़क जाम से जमुई एवं झाझा की ओर जाने वाली वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान झाझा की ओर से आ रहे पूर्व लोकसभा सांसद एवं राजद नेता जयप्रकाश नारायण यादव भी जाम में फंसे रहे।
बताया जाता है कि भौराटांड़ महादलित टोला के जितेंद्र मांझी उर्फ जीतन को पुलिस ने एक मामले में शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर अपने साथ थाने ले गई। जितेंद्र की गिरफ्तारी से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की रात बस्ती में लड़की की शादी थी। नाच-गाना चल रहा था। इसी क्रम में गिद्धौर थाना के एएसआइ नित्यानंद सिंह पुलिस बल के साथ आए और बिना कुछ बोले जितेंद्र मांझी को उठाकर ले गए। सड़क जाम में फंसे पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव के साथ चल रहे राजद नेता डा. त्रिवेणी यादव ने सड़क जाम कर रहीं महादलित महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं जितेंद्र को पुलिस हिरासत से छोड़ने की मांग पर अड़ी रही। उन्होंने थानाध्यक्ष अमित कुमार से दूरभाष पर बात कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया। इस पर थानाध्यक्ष ने जितेंद्र मांझी को छोड़ दिया तब जाकर ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जितेंद्र मांझी के खिलाफ उसी टोले के एक व्यक्ति ने घर की महिलाओं का फोटो खींच उसे इनटरनेट मीडिया पर लगाए जाने का शिकायत दर्ज कराई थी। जिसकी छानबीन को लेकर जितेंद्र को थाने पर लाया गया था। इसी बीच कुछ उपद्रवियों ने महादलितों को बहकाकर सड़क जाम करा दिया। उपद्रवियों की पहचान की जा रही। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।