नक्सलियों के प्रतिरोध सप्ताह को लेकर सुरक्षा बल अलर्ट
संवाद सूत्र चंद्रमंडी (जमुई) भाकपा माओवादियों के प्रतिरोध सप्ताह व 27 जनवरी को झारखंड-बिहार में बुलाए गए बंद को देखते हुए सुरक्षाबलों द्वारा सीमांत इलाके में अभियान तेज कर दिया गया है। भेलवाघाटी पुलिस व सीआरपीएफ जवानों द्वारा शनिवार को दिन भर सर्च अभियान चलाया गया।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई): भाकपा माओवादियों के प्रतिरोध सप्ताह व 27 जनवरी को झारखंड-बिहार में बुलाए गए बंद को देखते हुए सुरक्षाबलों द्वारा सीमांत इलाके में अभियान तेज कर दिया गया है। भेलवाघाटी पुलिस व सीआरपीएफ जवानों द्वारा शनिवार को दिन भर सर्च अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के गांव व जंगली इलाके को खंगाला गया। भेलवाघाटी के थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया की नक्सल गतिविधि को देखते हुए सीमावर्ती इलाके में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा चकाई पुलिस और सुरक्षाबल के जवान बार्डर एरिया में सक्रिय हैं। इसी क्रम में पुलिस ने बार्डर स्थित गुनियाथर से दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मालूम हो कि गिरिडीह के पीररटांड़ इलाके में पर्चा छोड़कर नक्सलियों ने 21 जनवरी से 27 जनवरी तक प्रतिरोध सप्ताह मनाने एवं 27 जनवरी को बिहार-झारखंड बंद का ऐलान किया है। शुक्रवार की देर रात नक्सलियों ने प्रतिरोध सप्ताह के दौरान बिहार-झारखंड बार्डर से सटे गिरिडीह के पीरटांड़ इलाके में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए मोबाइल टावर को उड़ा दिया।
---
सीमांत इलाके में भ्रमणशील है नक्सली दस्ता
बीते एक सप्ताह पूर्व से सीमांत इलाके में पूर्वी बिहार व पूर्वोत्तर झारखंड सैक कमेटी के सचिव तीस लाख इनामी नक्सली प्रवेश दा अपने हथियारबंद दस्ते के साथ घूम रहा है। प्रवेश के साथ नक्सली कमांडर पिटू राणा, करुणा उर्फ वरुणा, कुख्यात नक्सली मतलू तुरी भी सीमाई इलाके में भ्रमणशील है। एक सप्ताह पूर्व में हथियारबंद दस्ते को सीमांत इलाके मे देखा भी गया है।