बटिया घाटी में लूट मामले का दो आरोपित गिरफ्तार
जमुई। चकाई-जमुई मुख्यमार्ग पर स्थित बटिया घाटी में लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरे को चन्द्रमंडीह पुलिस ने गुप्त सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।
जमुई। चकाई-जमुई मुख्यमार्ग पर स्थित बटिया घाटी में लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरे को चन्द्रमंडीह पुलिस ने गुप्त सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए जहां बड़ी सफलता मानी जा रही है, वहीं इससे घाटी में लूटपाट की घटनाओं पर भी विराम लगेगा और यात्रियों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व कर रहे चन्द्रमंडीह थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बटिया घाटी में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे और लंबे समय से फरार चल रहे शातिर लुटेरा दासो मरांडी और किशोरा राणा को बटिया घाटी के पटना मोड़ से गुरुवार की दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों शातिर लुटेरे पटना मोड़ के समीप जुटे हुए हैं और फिर किसी लूटपाट की साजिश रच रहे हैं। सूचना के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों लुटेरों पर चन्द्रमंडीह थाना में लूटपाट की घटना को लेकर तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर जेल भेज दिया। पूछताछ में दोनों ने अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि लूटपाट की घटना में शामिल एवं अन्य कुछ आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार की जाएगी। इसके लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में अवर निरीक्षक सोमरा मुंडा एवं जिला बल के जवान शामिल थे।