बिहार : जमुई से तीन मजदूरों का अपहरण, 8 से 10 की संख्या में आये थे अपराधी
बिहार में क्राइम ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अपराधी पुलिस को चुनौती पर चुनौती दे रहे हैं। अब जमुई से तीन मजूदरों के अपहरण की खबर आ रही है।
पटना/जमुई [जेएनएन]। बिहार में क्राइम ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अपराधी पुलिस को चुनौती पर चुनौती दे रहे हैं। अब जमुई से तीन मजूदरों के अपहरण की खबर आ रही है। वे सब ईंट-भट्ठा पर काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक खेमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी है।
मिल रही जानकारी के अनुसार जमुई के चंद्रमंडी थाने के घरवासन गांव का यह मामला है। गांव के समीप ही ईंट-भट्ठा है। बताया जाता है कि मंगलवार की देर रात वहां से अपराधियों ने तीन मजदूरों का अपहरण कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन चौकस हो गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी किसी तरह का इसमें सुराग नहीं मिला है, जबकि घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
बताया जाता है कि चंद्रमंडी थाने के घरवाशन स्थित रूपा चिमनी भट्ठा पर सोये 3 मजदूरों को मंगलवार की रात 8 से 10 की संख्या में आये अपराधियों ने अपहरण कर लिया। घटना के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। घटना को इलाके में सक्रिय रमेश हेम्ब्रम और टेटू टुड्डू गिरोह द्वारा अंजाम देने की बात सामने आ रही है। चिमनी मालिक ने अभी तक लेवी मांगे जाने की बात से इंकार किया है।