भगवान भाष्कर की प्रतिमा का हुआ विसर्जन
जमुई। गुरुवार की देर रात्रि शहर के गणेशी मंदिर छठ घाट पर स्थापित भगवान भाष्कर एवं छठ मईया की प्रतिमा का विसर्जन काफी धूमधाम के साथ किया गया।
जमुई। गुरुवार की देर रात्रि शहर के गणेशी मंदिर छठ घाट पर स्थापित भगवान भाष्कर एवं छठ मईया की प्रतिमा का विसर्जन काफी धूमधाम के साथ किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। छठ मईया एवं भगवान भाष्कर के दर्शन को लेकर भक्तों की भीड़ सड़क पर उमड़ पड़ी थी। प्रतिमा को दुर्गा मंदिर चौक, गांधी चौक, बजरंग चौक, शहीद सुनील चौक होकर मुख्य बाजार, स्टेशन चौक होते हुए रेलवे तालाब में विसर्जन किया गया। इस दौरान स्थानीय भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किया। छठ मईया के जयकारे से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। हर कोई माता के दर्शन कर रहे थे। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों द्वारा प्रसाद का भी वितरण किया जा रहा है। सार्वजनिक छठ पूजा समिति गणेशी मंदिर घाट के अध्यक्ष मोतीलाल गोयल, सचिव रंजन कुमार अकेला सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित थे। विसर्जन को लेकर थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान दलबल के साथ मौजूद थे। ज्ञात हो कि शहर के गणेशी मंदिर घाट के अलावा धोबी घाट पर भगवान भाष्कर एवं छठ मईया की प्रतिमा स्थापित कर भव्य रूप से पूजा-अर्चना की जाती है।