अस्पताल में अनिमितता को लेकर किया सड़क जाम
जमुई। खैरा अस्पताल में व्याप्त अनियमितता को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह खैरा-जमुई तथा खैरा-आमीन पथ को लगभग आधे घंटे तक जाम कर दिया।
जमुई। खैरा अस्पताल में व्याप्त अनियमितता को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह खैरा-जमुई तथा खैरा-आमीन पथ को लगभग आधे घंटे तक जाम कर दिया। जाम कर रहे लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि अस्पताल की व्यवस्था चरमराई हुई है। आशा एवं ममताकर्मी द्वारा प्रसव के नाम पर छह सौ रुपये लिया जाता है। नहीं देने पर प्रसव कराने आई महिला एवं उनके परिजन के साथ झगड़ा करने तक उतारु हो जाते हैं। लोग एक ममता कार्यकर्ता पर अस्पताल आने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि इस ममता कार्यकर्ता पर पहले भी बच्चा बदलने का आरोप लगा है। बावजूद अभी तक उस पर विभागीय कार्रवाई नहीं हो सकी है।
जाम की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष दलजीत झा ने लोगों को समझाकर शांत कराया। तब जाकर जाम को हटाया जा सका। जाम से मार्ग पर कुछ देर के लिए वाहनों का परिचालन ठप रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर जाम कर रहे लोगों की शिकायत को अस्पताल प्रभारी अमित रंजन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि जिस ममता कार्यकर्ता पर लोगों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है उसकी जांच कर कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा। उन्होंने अस्पताल में प्रसव के नाम पर लोगों से रुपये लेने की बात को खारिज किया है।