लुटरों ने एक दर्जन गाडि़यों को रोक रातभर की लूटपाट, सुबह पुलिस आई तो हुई ये बात
बिहार के जमुई-गंगटा मार्ग पर बीती रात दर्जभर वाहनों को रोक रातभर लूटपाट होती रही। भयभीत यात्री चुपचाप बैठे रहे। घंटों बाद पुलिस जब सुबह में आई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
पटना [जेएनएन]। सर्द रात में बीच सड़क पर दर्जनों वाहनों को रोककर जमकर लूटपाट की गई। विरोध करने पर यात्रियों को पीटा गया। घंटों बाद रविवार की सुबह में पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटना बिहार के जमुई जिले में गंगटा-जमुई मुख्य मार्ग पर देर रात हुई।
जानकारी के अनुसार बीती रात गंगटा-जमुई मार्ग से गुजरते वाहनों को सड़क बाधित कर अपराधियों ने रोक लिया। दर्जनों नकाबपोश अपराधियों ने करीब एक दर्जन वाहनों में रातभर लूटपाट की। इस दौरान यात्री भयभीत बैठे रहे। लुटेरों ने विरोध करने पर कुछ यात्रियों को जमकर पीटा।
घटना की सूचना पाकर रविवार की सुबह पहुंची पुलिस को यात्रियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। यात्रियों के अनुसार लाखों के सामान लूटे गए हैं, हालांकि, लूटे गए सभी यात्रियों ने एफआइआर दर्ज नहीं कराई है।
विदित हो कि गंगटा के जंगल में जमुई-गंगटा मार्ग पर लूटपाट की यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी ऐसी दर्जनों घटनाएं हो चुकी हैं। यहां वाहनों को रोककर लुटेरे आराम से वारदात को अंजाम देते रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस उदासीन बनी रही है।