कहीं प्रेमिका के चक्कर में तो नहीं मारा गया कांग्रेस
जमुई। कुख्यात अपराधी कांग्रेस यादव की मौत के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जमुई। कुख्यात अपराधी कांग्रेस यादव की मौत के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इलाके एवं गांव के लोगों में इस बात की चर्चा है कि हमेशा अपने गिरोह के लोगों से घिरा रहने वाला कांग्रेस आखिर इतनी आसानी से कैसे अपने विरोधियों के हाथों मारा गया। ग्रामीण सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की पत्नी हमेशा देवघर के मथुरापुर में रहती थी। इसी बीच गांव की ही एक महिला से कांग्रेस को प्रेम हो गया और अक्सर कांग्रेस का वहां आना-जाना होता था। इस बात को तब और बल मिला जब घटना की सूचना पाकर मथुरापुर से पहुंची उसकी पत्नी ने पति की मौत का जिम्मेदार उक्त महिला को बताया। बताते चलें कि इलाके में सक्रिय अपराधी टेटु टुड्डु और कांग्रेस के बीच 36 का आंकड़ा था। इलाके में लेवी वसूलने को लेकर दोनों के बीच हमेशा विवाद होते रहता था। इसी से परेशान टेटु ने कांग्रेस को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और संभवत: कांग्रेस के उस कथित प्रेमिका से सांठगांठ कर सटीक सूचना पाकर उसे आसानी से मौत के घाट उतार दिया। कहा जाता है कि कांग्रेस जब भी गांव आता था तो वह काफी गुप्त तरीके से रहता था और सिर्फ उस कथित प्रेमिका को ही उसके बारे में जानकारी रहती थी।