अधिकारों के लिए संगठित होना जरूरी : उदयनारायण चौधरी
जमुई। शिक्षित होकर ही अधिकारों को हासिल किया जा सकता है। आवश्यकता है समाज में फैली रूढि़वाद और अंधविश्वास को दूर करने की।
जमुई। शिक्षित होकर ही अधिकारों को हासिल किया जा सकता है। आवश्यकता है समाज में फैली रूढि़वाद और अंधविश्वास को दूर करने की। बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के सपनों का समाज बनाने के लिए इसे जड़ से मिटाना होगा। जिस दिन हम अपने देश, अपने अधिकारों को समझेंगे उसी दिन हमारे समाज का एक नया सवेरा होगा। उपरोक्त बातें शुक्रवार को अखिल भारतीय पासी समाज की प्रखंड इकाई द्वारा आयोजित वीरांगना ऊदा देवी पासी की शहादत दिवस समारोह के अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कही। इससे पूर्व समारोह का उद्घाटन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) सह एससी-एसटी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत पासवान संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, अखिल भारतीय पासी समाज के जिलाध्यक्ष महेंद्र चौधरी आदि ने दीप जला कर किया। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सप्ताह पर उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने वीरांगना ऊदा देवी पासी की शहादत को नमन करते हुए कहा कि इतिहास ने हमारे समाज के नायकों को बिल्कुल भुला दिया है। आजादी के 70 वर्ष बाद भी आज हमारा समाज गुलाम है। हमें गुलामी से मुक्ति लेनी है तो समाज को लड़ना होगा। उन्होंने ऐसे आयोजनों के लिए एससी-एसटी कर्मचारी संघ को धन्यवाद दिया। वहीं डीपीओ रंजीत पासवान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऊदा देवी पासी हमारे समाज की ऐसी वीरांगना थी जो अपने पति की शहादत के बाद बदला लेने के लिए सेना में शामिल हुई और अकेले 36 अंग्रेज सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने समाज के लोगों से भगवान बुद्ध, बिरसा मुंडा, बाबा साहब के उपदेशों का अनुकरण करने की सलाह दी। कार्यक्रम को संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, राजद के प्रखंड अध्यक्ष रियासत हसन, शंभू दास, देव सागर बौद्ध, नीतेश्वर आजाद आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय पासी समाज के जिलाध्यक्ष महेंद्र चौधरी ने किया जबकि कार्यक्रम का संचालन महेंद्र दास द्वारा किया गया। मौके पर प्रदीप कुमार आर्य, प्रकाश बौद्ध, अरुण चौधरी, दशरथ चौधरी, मुन्ना मालाकार, भोला लोहाकार, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत चौधरी, नेमचन चौधरी, अजय चौधरी, प्रमोद चौधरी, अमिताभ चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।