जेल में बड़ा सुराख मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस कर रही मामले की जांच
जमुई जेल के उत्तरी हिस्से में एक हिस्से में बड़ा सुराख मिला है। वहां से कैदियों का बैरक महज 50 मीटर दूर है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
जमुई [जेएनएन]। बिहार के जमुई मंडल कारा की सुरक्षा में अपराधियों ने सुराख बना कर भागने की पूरी तैयारी कर रखी थी। हालांकि, समय रहते इसकी जानकारी मिल गई और अपराधी अपने नापाक मंसूबों में सफल नहीं हो पाये। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
जमुई जेल के उत्तरी हिस्से में एक हिस्से में बड़ा सुराख मिला है। वहां से कैदियों का बैरक महज 50 मीटर की दूरी पर है। बुधवार की सुबह स्कूली बच्चों की नजर इस सुराख पर पड़ी और उन्होंने इसकी जानकारी शिक्षकों को दी।
जेल की दीवार में बड़ा सा सुराख देख शिक्षकों के भी होश उड़ गये। इसके बाद लोगों ने जेल प्रशासन और पुलिस इसकी सूचना दी। जेल की दीवार में इतना बड़ा सुराख मिलने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा होने लगे हैं। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक जेल में लगभग 700 कैदी बंद हैं जिनमें से कई पेशेवर और नक्सली भी शामिल हैं। दीवार में सुराख मिलने को किसी बड़ी साजिश की आशंका से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। सुराख को देखने एसपी जगन्नाथ रेड्डी भी पहुंचे और उन्होंने मुआयना किया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही जेल की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिया गया है।