Move to Jagran APP

बदलाव के लिए बदलना होगी लोगों को अपनी सोच

जहानाबाद। शहर के सौदर्यीकरण को लेकर जिला प्रशासन पुरी तरह सजग है। सरकार की भी नीति है कि शहर के साथ साथ गांवों का समुचित विकास हो।

By JagranEdited By: Published: Thu, 14 Nov 2019 12:01 AM (IST)Updated: Fri, 15 Nov 2019 06:11 AM (IST)
बदलाव के लिए बदलना होगी लोगों को अपनी सोच
बदलाव के लिए बदलना होगी लोगों को अपनी सोच

जहानाबाद। शहर के सौदर्यीकरण को लेकर जिला प्रशासन पुरी तरह सजग है। सरकार की भी नीति है कि शहर के साथ साथ गांवों का समुचित विकास हो। यहां की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिलाधिकारी होने के नाते मुझे सौपी गई है। ऐसे में मैं विभाग को कई बार बेहतर व्यवस्था के लिए पत्राचार भी करता रहता हूं। उक्त बातें जिलाधिकारी नवीन कुमार ने दैनिक जागरण द्वारा आयोजित बाल संवाद कार्यक्रम में प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल के बच्चों के बीच अपने अनुभवों को शेयर करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जहानाबाद शहर को बेहतर बनाने के लिए एक साथ कई योजनाओं पर कार्य चल रहा है। इसके लिए सरकारी तंत्र के साथ ही साथ आम लोगों की भागीदारी अहम मानी जा रही है। लोग सिर्फ कानून के भरोसे बदलाव की बात सोंचते है लेकिन जबतक आम और आवाम अपने क‌र्त्तव्यों के प्रति सजग नहीं रहेंगे तब तक मुकम्मल व्यवस्था संभव नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि आपलोग अभी बच्चे हैं लेकिन अभी से ही पढाई के साथ साथ सामाजिक गतिविधियों में दिलचस्पी लें ताकि आगे चलकर आपके कार्यों से बेहतर समाज का निर्माण हो सके। लोगों को नियम के पालन के लिए अपने आप को तैयार करना होगा। हर जगह अधिकारी तथा कर्मी नियमों का अनुपालन करने के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। लेकिन अमूमन देखा जाता है कि लोग अपने अधिकार के प्रति तो सजग रहते हैं लेकिन क‌र्त्तव्यों को भूल जाते हैं। लोगों को यह समझना चाहिए कि जो भी नियम कानून बनाए जा रहे हैं उसमें आम आवाम की हित ही छिपी रहती है।जिलाधिकारी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अभी सरकार के द्वारा कई मुहिम चलाए जा रहे हैं उसमें स्कूली बच्चों को भी शामिल किया जा रहा है। जिस तरह से आपलोगों की जिद को अभिभावक स्वीकार करते हैं उसी तरह उन आदतों में सुधार के लिए अभिभावक के पास जिद करें ताकि आपमें व्यापक बदलाव आ सके। शहर को स्वच्छ बनाने में आमजनों की भी भूमिका है। अमूमन देखा जाता है कि कुडा़ कचरा सड़क पर फेंक देते हैं। इससे शहर में गंदगी होती है। जिलाधिकारी से रूबरू होने के लिए पहुंचे बच्चे काफी उत्साहित थे। उनमें से कई ऐसे बच्चे थे जो समाहरणालय भी नहीं देख पाए थे। वे बच्चे न सिर्फ वहां पहुंचे बल्कि जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में बैठकर उनसे संवाद किया। बच्चों को देखकर जिलाधिकारी भी काफी प्रसन्न थे। जरूरी कार्य को छोड़कर वे दो घंटे से भी अधिक समय तक इन बच्चों के साथ रहे। प्रस्तुत है प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा जिलाधिकारी से पूछे गए सवाल जबाव के प्रमुख अंश प्रश्न- सर, सारे फील्ड में ही कर्मचारी काम शुरू करने से पहले घूस मांगते हैं क्या बिना घूस के हमारा काम आसानी से नही हो सकता।

loksabha election banner

रिया कुमारी

इस सवाल पर हंसते हुए कहते हैं कि ऐसी बात नहीं है। एक हाथ से ताली नहीं बजती। कई लोग गलत तरीके से अपने काम को कराने के लिए कर्मियों से रिश्वत की पेशकश करते हैं। हालांकि यह पूरी तरह से गैर कानूनी है। हमलोग के पास जब कभी भी इस तरह का मामला पहुंचता है तो संबंधित कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हैं। इसके लिए लोगों को भी सजग होना होगा। जब भी कोई कर्मी रिश्वत की मांग करे इसकी सूचना वरीय अधिकारियो को दें। आज सूचना भेजने के कई माध्यम बने हैं। इनमें सोशल मीडिया प्रमुख है। इससे भी आप शिकायत कर सकते हैं। एक बात और है कि आम आदमी यह सोच ले कि हमें रिश्वत नहीं देनी है तो यह कथित व्यवस्था स्वत: ही समाप्त हो जाएगी। आपलोग अखबारों में पढ़ते होंगे कि ऐसे लोगो पर कार्रवाई हो रही है। जो सरकारी व्यवस्था है उसमें उनकी नौकरी तक जा सकती है। प्रश्न:- सर जहानाबाद में आने के बाद आपने विकास के लिए किस तरह का डेवलपमेंट मॉडल तैयार किया है।

जानवी शिखा

जिले का विकास हमारी और सरकार की प्राथमिकता है। जिले को दो क्षेत्रों में बांटकर देख सकते हैं। एक शहरी और दूसरा ग्रामीण। जहां तक शहरी क्षेत्र के विकास की बात है तो इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक सुधार किया गया है। अतिक्रमण को हटाया जा रहा है वहीं सड़कों का भी चौडीकरण किया जा रहा है। जल्द ही दरधा नदी पर नए पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। शहर का ड्रेनेज सिस्टम भी एक समस्या है जिसे दुर करने का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। एक एक गलि का सर्वे किया जा रहा है। प्रश्न:- सरकारी काम बहुत धीरे धीरे होता है। यह लोगों के लिए एक बड़ी समस्या है। ऐसे में आप काम नहीं करने बाले कर्मियों के साथ क्या कार्रवाई करते हैं।

अभिज्ञया राज

देखिए सरकारी कार्य का एक अपना तरीका है। इसके निष्पादन के लिए नॉ‌र्म्स बनाए गए हैं। काम की जिम्मेदारी के साथ ही उसकी टायमिग भी फिक्स की गई है। जरूरत है लोगों को इसके बारे में जानने की। अब देखिए कि सरकार ने नियत समय में काम हो सके इसके लिए आरटीपीएस कानून बनाई है। निर्धारित अवधि में काम की गारंटी प्रदान करता है। इसमें अपील का भी प्रोविजन है। जहां तक स्लो काम करने वाले कर्मी का सवाल है तो आपको बता दूं कि सरकार ने जिसे जो दायित्व सौंपी है उसे काम करना ही होगा। अगर वे अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाऐंगें तो उन्हें दंडित किया जाएगा। जिसके लिए सरकार ने कानून बनाया है। वैसे जहानाबाद में कर्मियों के बीच काम करने की संस्कृति पैदा हुई है। लोग काम कर रहे हैं। बावजूद अगर कहीं शिकायत है तो हमारे संज्ञान में लाएं। उसपर सरकारी प्रावधानों की अनुसार कार्रवाई होगी। प्रश्न:- सर आप यहां तक पहूंचने के लिए कैसी पॉलिसी फौलो करते आ रहे है। किसी भी क्षेत्र में सफल होने का मूलमंत्र क्या है।

सौम्य प्रिसेंप

देखिए किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ ही आत्मबल का मजबूत होना आवश्यक है। आप कभी ऐसा मत सोचिए कि यह काम हमसे नहीं हो सकता है। जब किसी काम को दुसरा कर सकता है तो मैं क्यों नही। हमेशा यही बात याद रखनी चाहिए। आप हमेशा उंचा सोचिए और उसपर निरंतर लगे रहिए। सफलता आपकी कदम चुमेगी। आप जो भी कम करें , जिस क्षेत्र में काम करें पुरी तन्मयता के साथ करें। आप अच्छे मित्रों का चयन करें। अगर आपका दोस्त अच्छा नही होगा तो आपको वह गलत रास्ते पर ले जाएगा। गलत रास्ता हमेशा सुगम होता है। इसलिए गलत दोस्तों से बचें। अपना कॉनफिडेंस लेवल को हमेशा हाई रखे। सफलता तो आपके दरवाजे पर दौड़ी आएगी। प्रश्न- सर, आप आईएएस बनकर सफल लोगों में शामिल हो गए हैं। हमलोगों को मार्गदर्शन करें ताकि सफलता मिल सके।

सृष्टि स्नेहा

देखिए, सफलता सतत प्रयास से मिलती है। मैने भी इसके लिए लगातार प्रयास करता रहा। असफलताओं पर कुंठित होने के बजाय अपनी कमियों को ढूंढा। धीरे-धीरे कमियां दूर होती चली गई। परिणामस्वरूप सफलता हासिल हुई। आपलोग जिस मुकाम पर हैं यहां से ही लक्ष्य का निर्धारण होता है। पहले इस बात को ध्यान में रखें कि अपने विषय वस्तु का गहन अध्ययन करें ताकि परीक्षा में अव्वल स्थान हासिल करें। जब आप ऐसा करेंगे तो सफल होने का एक आदत सी बन जाएगी। इस परिस्थिति में जो भी लक्ष्य निर्धारित करेंगे उसे हासिल करना आसान हो जाएगा।

प्रश्न- सर, हाल के ही दिनों में जहानाबाद में दो सांप्रदाय के बीच तनाव की स्थिति कायम हो गई थी। ऐसी स्थिति कायम न हो इसके लिए क्या करना होगा।

दीपक कुमार

दीपक कुमार

इस प्रश्न पर गंभीर होते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेरे लिए ही नही बल्कि पूरे जहानाबाद के लिए दुखद घटना थी। प्रशासनिक स्तर पर इस समस्या का निदान तो कर लिया गया लेकिन जरूरत इस बात की है कि इस तरह की स्थिति समाज में कभी भी कायम न हो इसके लिए समाज के सभी वर्ग के लोगों को जागरूक होना होगा। लोगों को यह समझना होगा कि सभी लोग एक ही स्थान के निवासी हैं। एक दूसरे से हर एक जरूरत में जुड़े हैं। ऐसे में नफरत फैलाने वाले चंद लोगों की बातों में नही आकर सछ्वावना की ऐसी नीव स्थापित करनी होगी जिसके कारण समाज में समरसता हमेशा कायम रहे। कई ऐसी समस्याएं हैं जिसका निदान कानून के साथ-साथ समाज के लोगों के आपसी सहयोग से संभव है।

प्रश्न-सर, अन्य क्षेत्रों में विकास हो रहा है लेकिन आईटी के क्षेत्र में और अधिक प्रगति के लिए सरकार के द्वारा क्या कार्य किए जा रहे हैं।

अमृत राज

अमृत राज

सभी क्षेत्रों के साथ आईटी के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है। सरकार की यह सोंच है कि जन-जन तक सभी गतिविधियों की सूचना पहुंचे इसे लेकर ग्रामीण इलाकों तक सूचना के नए-नए तकनीक विकसित किए जा रहे हैं। वर्तमान समय तो आईटी के लिए स्वर्णकाल है। ऐसे में नित्य दिन इसके नए आयाम तय किए जा रहे हैं। सरकारी स्तर पर इसके लिए कई योजनाएं संचालित हो रही है।

प्रश्न-सर, सरकार द्वारा सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन अभी भी कई सड़कों की स्थिति काफी जर्जर है इसके लिए क्या योजना है।

शशांक राज

शशांक राज

वर्तमान समय में सरकार की योजना सभी गांवों को पक्की सड़क से जोड़ने की है। इसे लेकर व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में तो सड़क निर्माण कराए ही जा रहे हैं गांव में भी सड़क का निर्माण तेजी से हो रहा है। आप देख सकते हैं कि अब लगभग सभी गांवों तक पक्की सड़क हो गई है। हालांकि जहां कहीं भी हमलोगों को सड़क की खराब स्थिति की जानकारी मिलती है उसके जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ कराया जाता है। सरकार भी मानती है कि विकास का सबसे बड़ा पैमाना अच्छी सड़क होती है। इसके लिए इसपर भरपूर जोर दिया जा रहा है। प्रश्न-कृषि आधारित उद्योगों के विकास के लिए क्या कार्य किए जा रहे हैं।

मंटू कुमार

सरकार कृषि को लेकर काफी गंभीर है। नए टेक्नोलॉजी के माध्यम से फसल उपज बढ़ाने की कवायद चल रही है। किसानों को उद्योग से जोड़ने के लिए कई योजनाएं संचालित हो रही है। लोगों को कम पूंजी में ज्यादा उपज प्राप्त हो इसे लेकर वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसानों के खेतों तक सिचाई के लिए बिजली पहुंचाई जा रही है। कम पूंजी वाले किसानों को मुफ्त में बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। कई ऐसी योजनाएं संचालित हो रही है जिससे जुड़कर किसानों की स्थिति सुधर रही है। प्रश्न- निजी विद्यालय के टॉपर से सरकारी विद्यालय के टॉपर को ज्यादा महत्व दिया जाता है क्यों।

पूजा कुमारी

पूजा कुमारी

देखिए ऐसी बात नही है टॉपर चाहे निजी विद्यालय का हो या सरकारी विद्यालय का। उसकी प्रतिभा का सम्मान हर जगह किया जाता है। लोगों में ऐसी अवधारणा बन गई है कि निजी विद्यालयों में सभी संसाधन उपलब्ध रहती है। जिसके कारण वहां के विद्यार्थी टॉपर होते हैं लेकिन ऐसी बात नही है सरकारी विद्यालयों में भी आधुनिक संसाधन उपलब्ध हैं। जिले के कई विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस का संचालन किया जा रहा है। इस क्लासेस के माध्यम से बच्चों को हाईटेक तरीके से शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। कभी भी यह अवधारणा नही होनी चाहिए कि निजी विद्यालयों में ही पढ़ने वाले अच्छा करेंगे। यह विद्यार्थी पर निर्भर करता है कि वह विषयवस्तु को कितने बेहतर तरीके से सीख पाते हैं। जहानाबाद के लिए अच्छी बात है कि यहां कई अच्छे निजी विद्यालय संचालित हो रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.