शादी की खरीदारी कर लौट रही महिला मारी गोली
जहानाबाद। जिले में अपराधियों ने फिर से तांडव मचाना शुरू कर दिया है।
जहानाबाद। जिले में अपराधियों ने फिर से तांडव मचाना शुरू कर दिया है। जहानाबाद-घोसी स्टेट हाइवे स्थित काको थाना क्षेत्र के कड़रूआ नाला के समीप रविवार की शाम बाइक लुटेरों ने एक महिला को गोली मारकर जख्मी कर दिया। जख्मी महिला अमथुआ निवासी संजना कुमारी बताई जाती है। हालांकि लुटेरों द्वारा पहले उसके बाइक को रोकवाने का प्रयास किया गया लेकिन बाइक नहीं रोकने पर गोली चलाई जो उसके कमर में लगी। घटना को अंजाम दिए जाने के उपरांत लुटेरे फरार हो गए। जैसे ही यह घटना घटी बड़ी संख्या में आसपास के लोग वहां जुट गए। उनलोगों ने जख्मी महिला को स्थानीय सदर अस्पताल लाया। यहां प्राथमिक उपचार किए जाने के उपरांत बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हालांकि काको के थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक लोग जख्मी को लेकर अस्पताल चले गए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि जख्मी महिला और उसके साथ जा रहे देवर से फर्दबयान लेने के लिए पुलिस पदाधिकारी को पटना भेजा जाएगा। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार संजना के घर में शादी थी। वह शादी की खरीददारी के लिए देवर अर्जुन कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर जहानाबाद आई थी। यहां से सामान की खरीददारी कर वह वापस लौट रही थी। जैसे ही कड़रूआ नाला के पास पहुंची कि पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार लुटेरों ने उसके बाइक को रोकवाया।लुटेरा समझ उसका देवर बाइक नहीं रोका और आगे बढ़ गया। फिर क्या था लुटेरों ने गोली चला दी जो संजना के पीठ के समीप लगी।