21 को होगा केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन
जहानाबाद। काको प्रखंड के ऐनवां में 21 फरवरी को नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन किया जाएगा।
जहानाबाद। काको प्रखंड के ऐनवां में 21 फरवरी को नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। इस उद्घाटन के साथ ही इसमें पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब विद्यालय में बैठने की परेशानी नहीं होगी। अब तक इस विद्यालय का संचालन जिला मुख्यालय के पुराने समाहरणालय परिसर में किराए के मकान में संचालित हो रहा था। इस विद्यालय के नए भवन के निर्माण में भी कई बार अड़चन हुआ। इस विद्यालय को वहां से हटाने का भी प्रयास किया गया था। हालांकि कुछ दिनों तक वहां शैक्षणिक कार्य भी हुआ था लेकिन फिर उसे जिला मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया था। विद्यालय भवन के निर्माण को लेकर उस गांव के लोगों ने काफी तत्परता दिखाई और जमीन के संबंध में किसी भी प्रकार का विवाद नहीं रहने दिया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशिरंजन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस उद्घाटन समारोह में मौजूद रहने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज ¨सह को नामित किया गया है। संभवत: पीएम मोदी ही रिमोट से इसका उद्घाटन करने वाले हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि अब तक उन्हें उद्घाटन के संबंध में विधिवत जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि विभाग द्वारा स्थानीय सांसद डॉ अरुण कुमार के बारे में जानकारी मांगी गई थी। बताते चले कि इस विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई थी। अब तक तकरीबन 20 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। विद्यालय परिसर में चाहरदिवारी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक इस विद्यालय में तकरीबन 15 सौ छात्र-छात्राओं को बैठने की व्यवस्था हो पाएगी।