इंजीनियर के बंद मकान से दो लाख नगदी सहित 25 लाख की चोरी
जहानाबाद। जहानाबाद-एकंगरसराय राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-110 पर अवस्थित नगर थाना क्षेत्र के मौर्य नगर में मंगलवार की रात एक इंजीनियर के बंद मकान से दो लाख रूपए नगदी सहित 25 लाख रूपए के सामाग्रियों की चोरी कर ली गई।
जहानाबाद। जहानाबाद-एकंगरसराय राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-110 पर अवस्थित नगर थाना क्षेत्र के मौर्य नगर में मंगलवार की रात एक इंजीनियर के बंद मकान से दो लाख रूपए नगदी सहित 25 लाख रूपए के सामाग्रियों की चोरी कर ली गई। इस सिलसिले में पीड़ित इंजीनियर द्वारा नगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायती पत्र दी गई है। चोरी की इस घटना के कारण मौर्य नगर के साथ ही टेलीफोन एक्सचेंज के आसपास में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया है। एक तो घर छोड़कर लोग सगे संबंधियों के यहां जाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं वहीं घर में रहने वाले लोग भी रतजगा करने को विवश हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। नगर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि अक्सर ठंड के मौसम में चोरी की घटनाएं होती है। बावजूद पुलिस इस बात का ख्याल रखेगी कि इस प्रकार की घटना की पुर्नरावृति नहीं हो। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र शर्मा मौर्य नगर में मकान बनाकर रहते हैं। वे खुद तो मध्य प्रदेश के विलासपुर में पदस्थापित हैं लेकिन परिवार के लोग उस मकान में ही रहते हैं। रांची में किसी संबंधी के यहां शादी समारोह रहने के कारण वे भी यहां आए थे और परिवार के लोगों के साथ उस समारोह में भाग लेने के लिए रांची चले गए थे। बाहर चले जाने के कारण घर में ताले लटके हुए थे। बुधवार को सवेरे आसपास के लोगों ने उसके घर का ताला टूटा हुआ देखा। उनलोगों ने उन्हें इसकी जानकारी दी। आनन फानन में वे परिवार के साथ यहां पहुंचे। इंजीनियर के अनुसार चोरों द्वारा गोदरेज तोड़कर दो लाख रूपए नगदी और 20-25 लाख रूपए के आभूषण की चोरी कर ली गई। उस मकान की मरम्मति के लिए बाहर से भाड़ा बांधा गया था। ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि चोर उसी के सहारे मकान में प्रवेश कर गए और इस घटना को अंजाम दिए।