जहां सुशासन होगा, वहीं विकास होगा : रवि किशन
सिने अभिनेता सांसद रवि किशन ने कहा है कि जहां सुशासन होगा वहीं विकास होगा। पहले 15 वर्षों का बिहार था और अब का बिहार है। यह हमारे बुजुर्ग ही बताएंगे कि पहले बिहार में रायफल लहराता था लेकिन अब बिहार में सुशासन की सरकार में विकास हो रहा है।
मांझागढ़(गोपालगंज) : सिने अभिनेता सांसद रवि किशन ने कहा है कि जहां सुशासन होगा, वहीं विकास होगा। पहले 15 वर्षों का बिहार था और अब का बिहार है। यह हमारे बुजुर्ग ही बताएंगे कि पहले बिहार में रायफल लहराता था लेकिन अब बिहार में सुशासन की सरकार में विकास हो रहा है। सांसद रवि किशन मंगलवार को मांझागढ़ के खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 साल पहले जब बिहार मे शूटिग के लिए आते थे तो लोग कहते थे कि आपन हिरोइनिया के छिपा दिह ना त अपहरण हो जाई। लेकिन अब बिहार का माहौल बदल गया है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुशांत सिंह राजपूत की हत्या का मुकदमा मुंबई में दर्ज नहीं होने दिया। महाराष्ट्र में कांग्रेस व शिवसेना गठबंधन की सरकार है। इस मामले में एफआइआर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास से दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश लेकर तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूत बनकर आया हूं। आप सभी भाजपा को वोट देकर बिहार में सुशासन की सरकार बनाएं। चुनावी सभा को भाजपा के बिहार प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदाता भ्रम की स्थिति में नहीं रहें। राजग के उम्मीदवार ही असली और अधिकृत उम्मीदवार हैं। वोट का बिखराव नहीं होने दें।