गोपालगंज के मतगणना केंद्र पर रही कड़ी चौकसी, सतर्क दिखे जवान
गोपालगंज। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के बाद शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच थावे डायट में बनाए गए मतगणना केंद्र पर विजयीपुर प्रखंड के मतों की गणना का कार्य प्रारंभ हुआ। इस बीच मतगणना केंद्र पर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध दिखा।
गोपालगंज। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के बाद शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच थावे डायट में बनाए गए मतगणना केंद्र पर विजयीपुर प्रखंड के मतों की गणना का कार्य प्रारंभ हुआ। इस बीच मतगणना केंद्र पर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध दिखा। प्रशासनिक स्तर पर इस दौरान सुबह पांच बजे से ही सतर्कता बरती गई। इस बीच हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर सुरक्षा बलों ने सतर्क निगाहें रखी। इस दौरान बगैर प्रवेश पत्र के गणना केंद्र के आसपास किसी को पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाची पदाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी खुद मतगणना केंद्र पर मौजूद रहे।
शुक्रवार को विजयीपुर प्रखंड के मतों की गणना को लेकर सुबह पांच बजे से ही सतर्कता बरती गई। गणना केंद्र तथा आसपास के इलाकों में बनाए गए ड्राप गेट पर जवान पूरी तरह से चौकस नजर आए। गोपलगंज-मीरगंज मुख्य पथ के किनारे मतगणना केंद्र बनाए जाने के कारण इस मुख्य पथ पर यातायात पर भी नजर रखी गई। गणना केंद्र तथा इसके समीप लोगों की भीड़ जमा होने से रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किये गये थे। सुबह पांच बजे मतगणना कार्य में लगाए गए कर्मियों के गणना केंद्र पर पहुंचने के बाद प्रत्येक कर्मी के पहचान पत्र की गेट पर ही जांच की गई। जांच के बाद गणना कर्मियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों को भी जांच के बाद ही दूसरे गेट से प्रवेश दिया गया। सुबह आठ बजे प्रारंभ होने वाली मतगणना को प्रारंभ होने में शुक्रवार को हुई तेज बारिश के कारण करीब दो घंटे का विलंब हुआ। दिन के करीब दस बजे मतगणना प्रारंभ होने के बाद केंद्र के आसपास के इलाके में चौकसी और बढ़ा दी गई। इस दौरान किसी भी प्रत्याशी के समर्थक को केंद्र के आसपास आने की अनुमति नहीं दी गई।
इनसेट
रोक के बावजूद मतगणना केंद्र के अंदर पहुंचे वाहन
गोपालगंज : शुक्रवार को मतगणना प्रारंभ होने के पूर्व से ही वाहनों को मतगणना केंद्र के आसपास आने पर रोक लगा दी गई थी। बावजूद इसके तेज बारिश के कारण व्यवस्था ध्वस्त होती दिखी। इस बीच कई वाहन मतगणना केंद्र के अंदर तक पहुंच गए। ज्ञातव्य है कि गणना कार्य में लगे कर्मियों के अलावा अन्य सभी लोगों के वाहनों को गणना केंद्र से करीब सौ मीटर की दूरी पर बनाए गए वाहन पड़ाव पर ही वाहन खड़ी करने का निर्देश जारी किया गया था।