सुबह घने कोहरे के बाद धूप निकलने से मिली राहत, दोपहर बाद बढ़ी कनकनी
जागरण संवाददाता गोपालगंज पिछले आठ दिन से चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान का गिरना
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : पिछले आठ दिन से चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान का गिरना जारी है। गुरुवार की रात जनवरी माह में अब तक सबसे सर्द रात रही। इस बीच शुक्रवार की सुबह घने कोहरे का प्रकोप दिखा। इसके कारण हाइवे पर वाहनों की रफ्तार सुस्त पड़ गई। तेज सर्द हवाओं के कारण गलन बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। सुबह दस बजे के बाद मौसम साफ हुआ। धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। दोपहर बाद फिर कनकनी बढ़ गई। धूप खिलने पर बाजार में थोड़ी चहल-पहल दिखी। शाम होते-होते लोग घरों में चले गए। इस बीच सिपाया कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने आगे बारिश की संभावना व्यक्त की है। कृषि विज्ञान केंद्र, सिपाया के प्रक्षेत्र प्रबंधक रविकांत कुमार ने बताया कि बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 7.3 व अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान के बीच 9.4 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।
-----
चिकित्सक दे रहे ठंड से बचाव की नसीहत
जिले में ठंड का असर बढ़ने के बाद चिकित्सक आम लोगों को ठंड से बचाव को लेकर नसीहत दे रहे हैं। चिकित्सक डा. सुनील कुमार रंजन ने विशेष तौर पर हृदय रोग से पीड़ित लोगों को ठंड के मौसम में सबसे अधिक सावधानी बरतने की सलाह देते हुए बताया कि इस मौसम में बुजुर्ग व बच्चों पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
--------------
एनएच-27 पर पर रेंगते रहे वाहन
संवाद सूत्र, कुचायकोट : कुचायकोट में हाड़ कंपा देने वाली ठंड और गिरते तापमान के बीच शुक्रवार की सुबह घने कोहरे से वाहनों की रफ्तार थम गई। एनएच-27 पर सुबह 10:00 बजे तक वाहन या तो रेंगते नजर आए या जगह-जगह सड़क के किनारे लाइन होटल पर खड़े दिखे। घने कोहरे के चलते दूसरे प्रदेशों से आने वाली बसें भी पांच से छह घंटे देरी से अपने गंतव्य तक पहुंची। पंजाब से ट्रक लेकर आ रहे गुरु चरण सिंह ने बताया कि सुबह 4:00 बजे ही विजिबिलिटी बहुत कम हो जाने के चलते ट्रक को लाइन होटल के किनारे खड़ा करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कोहरा कम होने के बाद ही आगे का रास्ता तय किया जाएगा। वहीं, असम से ट्रक लेकर आ रहे अनुज मंडल ने बताया की घने कोहरे के चलते इस समय चलना बेहद खतरनाक है। ऐसे में ट्रक को खड़ा कर वह कोहरा साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि धूप निकलने के बावजूद कुछ और दिनों तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की कोई उम्मीद नहीं है। घना कोहरा भी रह सकता है।
------------
मरीगंज में जनजीवन रहा अस्त-व्यस्त
संसू, मीरगंज : मीरगंज में ठंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर से लेकर गांव तक के लोग परेशान हैं। ढलने से पहले ही अपने घरों में दुबक जाने को मजबूर हैं। ठंड के कारण पशुपालक भी परेशान हैं। मीरगंज शहर के विभिन्न टैक्सी पड़ावों पर भी यात्री कम पहुंच रहे हैं। आटो और टैक्सी चालकों की कमाई पर इसका असर पड़ हा है। वहीं, नगर पंचायत द्वारा जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है।