पंद्रह दिन में पूरा हो जाएगा 2.30 करोड़ की लागत से हो रहा कटाव निरोधी कार्य
गोपालगंज जिले में मानसून सक्रिय होने से पहले ही तटबंधों को कटाव से बचाने के लिए चल रहा कटाव निरोधी कार्य पूरा हो जाएगा। जिले में गंडक नदी के कटाव से बांधों को बचाने के लिए 2.30 करोड़ की लागत से काम चल रहा है।
गोपालगंज : जिले में मानसून सक्रिय होने से पहले ही तटबंधों को कटाव से बचाने के लिए चल रहा कटाव निरोधी कार्य पूरा हो जाएगा। जिले में गंडक नदी के कटाव से बांधों को बचाने के लिए 2.30 करोड़ की लागत से काम चल रहा है। इस बीच भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक मिथिलेश तिवारी ने बरौली प्रखंड के सलेमपुर बांध पर चल रहे कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि सलेमपुर बांध में गंडक नदी कटाव कर रही थी। ग्रामीणों से इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने जलसंसाधन मंत्री संजय झा से इस संबंध में बात किया। उन्होंने बताया कि मंत्री आश्वासन दिया है कि दो करोड़ 30 लाख की लागत से चल रहा कटाव निरोधी कार्य 15 दिन के अंदर पूर्ण हो जाएगा। कटाव निरोधी कार्य पूर्ण हो जाने से बरौली प्रखंड की भी कई पंचायतों के लोग बाढ़ आने पर सुरक्षित महसूस कर सकेंगे। निरीक्षण के समय कन्हैया सिंह, शिवबालक कुशवाहा, मंगल ठाकुर, विनय यादव, रंजीत तिवारी, विद्याभूषण प्रसाद भी मौजूद रहे।