अतिक्रमण का होगा स्थायी निदान, मिलेगी जाम से मुक्ति
जागरण संवाददाता गोपालगंज शहर की सड़कों पर जाम की समस्या का स्थायी तौर पर समाधान किया
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : शहर की सड़कों पर जाम की समस्या का स्थायी तौर पर समाधान किया जाएगा। नगर परिषद सड़कों तथा बाजारों में अतिक्रमण हटाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए योजना तैयार लिया है। इस योजना के तहत शहर के प्रमुख सड़कों तथा बाजारों में लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर परिषद प्रभावी कार्रवाई करेगा।
शहर में जाम लगने की समस्या काफी पुरानी है। शहर की सड़कों पर आए दिन लगने वाले जाम में फंस कर लोग उससे निकलने के लिए अपना पसीना बहाते हैं। सड़कों पर जाम लगने से राहगीरों को परेशानी झेलने के साथ ही शहर की व्यवसायिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। हालांकि शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन के स्तर पर कई बार प्रयास किया गया। कलेक्ट्रेट पथ को नो वेंडर जोन घोषित करने के साथ ही कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया गया, लेकिन इसका नतीजा कुछ नहीं निकला। अतिक्रमण हटाओ अभियान के कुछ दिन बाद फिर से सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर दुकानें सजने लगी। ऐसे में अब नगर परिषद ने अतिक्रमण का स्थायी निदान करने की पहल की है। इसके लिए नगर परिषद योजना तैयार कर रहा है। इसके साथ ही इस योजना के तहत चौक तथा बाजारों से अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आटो संचालक को निर्धारित किया जाएगा स्टैंड
शहर में जाम कर एक कारण अवैध रूप से जहां-तहां आटो स्टैंड भी बन जाना है। ये आटो मुख्य सड़कों पर ही खड़े होकर सवार बैठाते हैं, जिससे लगने वाले जाम को देखते हुए अब नगर परिषद आटो के संचालन के लिए स्टैंड निर्धारित करेगा। इस स्टैंड से शहर में आटो का संचालन होगा। इसके साथ ही शहर में आटो के संचालन के लिए नगर परिषद शहरी परमिट जारी करने की भी योजना बना रहा है। इस योजना के तहत शहर में वैसे ही आटो चल सकेंगे जिनके पास शहर में चलने के लिए परमिट होगा। योजना में शामिल होंगे ये बिदु
- चौराहों तथा प्रमुख बाजारों से हटाया जाएगा अतिक्रमण।
- आटो के संचालन के लिए निर्धारित किया जाएगा स्टैंड।
- शहर में आटो चलाने के लिए लेना होगा परमिट।
- मुख्य सड़कों से जुड़ी सड़कों का किया जाएगा चौड़ीकरण।
- मुख्य सड़कों के बीच में बनाए जाएंगे डिवाइडर।
- शहर में बनाए जाएंगे चार पार्किंग स्थल। कहते हैं नप चेयरमैन
शहर में जाम लगाने एक बड़ी समस्या है। इससे शहरवासियों को काफी परेशानी हो रही है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए योजना तैयार कर समस्या के समाधान का प्रयास तेज किया गया है।
हरेंद्र कुमार चौधरी, चेयरमैन, नगर परिषद गोपालगंज