Move to Jagran APP

दीपावली आज, बाजार में बढ़ी रौनक

गोपालगंज। दीपावली को लेकर बाजार की रौनक काफी बढ़ गई है।

By Edited By: Published: Sun, 30 Oct 2016 02:49 AM (IST)Updated: Sun, 30 Oct 2016 02:49 AM (IST)
दीपावली आज, बाजार में बढ़ी रौनक

गोपालगंज। दीपावली को लेकर बाजार की रौनक काफी बढ़ गई है। पर्व को देखते हुए शहर में मिट्टी के बर्तनों की दुकानें सज गई हैं। दीपावली के एक दिन पूर्व शनिवार को मिट्टी के बर्तन तथा लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों की खरीद को बाजारों खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। दीपों के इस पर्व में दीया, ढ़कनी, घंटी, परई तथा अन्य मिट्टी के बर्तनों की मांग बढ़ गई। लक्ष्मी-गणेश की पूजा के इस पर्व में उनकी मूर्तियों की भी बिक्री जोरों पर है। रविवार को पूरे जिले में प्रकाश का पर्व उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

loksabha election banner

शुक्रवार को धनतेरस का पर्व समाप्त होने के बाद शनिवार की सुबह से ही मिट्टी के बर्तनों तथा लक्ष्मी गणेश की मूर्ति वाली दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। पूजा में प्रयुक्त होने वाले मिट्टी के बर्तनों की मांग अचानक बढ़ने के कारण कुम्हारों की परेशानी कुछ बढ़ गयी। नगर के स्टेट बैंक चौक सहित पूरे शहर में कई दुकानों में मां लक्ष्मी व गणेश की मूर्तियों की बिक्री भी तेज रही। दीपों के इस पर्व को लेकर शहर में दिन भर चहल पहल भी देखी गई। पटाखों की दुकानों पर भी बच्चों व युवा वर्ग के लोगों की भीड़ अधिक थी। बहरहाल दीपावली के मौके पर बाजार शनिवार को पूरे दिन गुलजार रहा। लोग अपनी जरूरत के सामानों की खरीद में लगे रहे।

इनसेट

महंगे हुए पटाखे

गोपालगंज : दीपों के त्योहार दीपावली पर इस साल पटाखों की कीमत आसमान छू रही है। फुलझरी हो गया अनार, पाकेट बम हो या कोई भी अन्य पटाखा। इस साल हरेक सामान की कीमत अधिक होने के कारण लोग परेशान हैं। पटाखों की खरीद को बाजार में आए लोगों का कहना है कि गत वर्ष की अपेक्षा इस साल पटाखों की कीमत डेढ़ गुना तक बढ़ गया है। ऐसे में इस साल गत वर्ष की तुलना में आतिशबाजी कम होगी।

इनसेट

मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़

गोपालगंज : दीपावली को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ बढ़ गयी है। खासतौर पर लड्डू की मांग को देखते हुए प्रमुख मिष्ठान भंडारों के साथ ही सड़क के किनारे ठेले पर भी इनकी बिक्री की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर नकली खोआ की बिक्री को लेकर सख्ती बरतने का निर्देश जारी किया गया है।

इनसेट

गिफ्ट आइटम की मांग बढ़ी

गोपालगंज : दीपों के त्योहार में गिफ्ट आइटम की मांग बढ़ रही है। शहर के तमाम दुकानों में में विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट आइटम की मांग देखने को मिल रही है। शनिवार को शहर में सजी गिफ्ट आइटम के कई दुकानदारों ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल दीपावली पर उपहार देने के लिए गिफ्ट आइटम की मांग अधिक है।

इनसेट

दीपावली को लेकर सुरक्षा चुस्त

गोपालगंज : दीपावली को देखते हुए प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त करते हुए गश्त बढ़ा दी है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला मुख्यालय में दीपावली के मौके पर पुलिस प्रशासन ने विशेष चौकसी बरतने का दिशानिर्देश दिया है। साथ ही जिले के अन्य इलाकों में भी पुलिस की पैनी नजर है। प्रशासनिक तौर पर दीपावली के पर्व को देखते हुए जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यह नियंत्रण कक्ष चौबीस घंटे काम करेगा। सभी चौराहों पर पर्व को लेकर अतिरिक्त संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। छठ तक सभी प्रमुख इलाकों में पुलिस की विशेष नजर रहेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.