भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष को धमकी देने वाला दिल्ली से गिरफ्तार
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक मिथिलेश तिवारी को दो दिन पूर्व फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में गोपालगंज पुलिस टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित युवक को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर गोपालगंज के लिए रवाना हो गई है।
गोपालगंज : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक मिथिलेश तिवारी को दो दिन पूर्व फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में गोपालगंज पुलिस टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित युवक को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर गोपालगंज के लिए रवाना हो गई है।
बताया जाता है कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक मिथिलेश तिवारी दो दिन पूर्व महम्मदपुर में कुछ लोगों से मिलने गए थे। इसी बीच उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल कर एक बदमाश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बदमाश ने कहा कि चुनाव में दौरान ही उन्हें गोली मार देंगे। धमकी मिलने के बाद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी को दी। सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाने में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच करने के लिए टेक्निकल सेल के प्रभारी अब्दुल मजीद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित किया। इस टीम ने टेक्निकल सेल की मदद से जिस नंबर से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष को धमकी दी गई थी, उसका लोकेशन ट्रेस कर लिया। लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो गई तथा टावर लोकेशन के आधार पर धमकी देने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया गया आरोपित सिवान जिले के गोरेयाकोटी गांव निवासी शिवजी यादव का पुत्र राजेश यादव बताया जाता है। पुलिस टीम उसे दिल्ली से लेकर गोपालगंज के लिए रवाना हो गई है।