गोपालगंज में लॉकडाउन के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने किसान को मारी गोली
गोपालगंज के बंजारी मोड़ के समीप एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने किसान को गोली मार दिया। तीन गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गोपालगंज, जेएनएन। पूरा शहर घर के अंदर कैद है तो पुलिस बाहर मुस्तैद। इसके बावजूद अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब हो जा रहे हैं। बिहार में गुरुवार को सिवान में पुजारी की हत्या के बाद शुक्रवार को भी अपराधियों ने पुलिस को चुनौती दी है। वारदात गोपालगंज की है। शहर के बंजारी मोड़ के समीप एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने किसान को गोली मार दी। दो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल किसान को सदर अस्पताल लाया गया। जहां किसान की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस मामले की छानबीन करने के लिए पहुंच गई है। वारदात की वजह साफ नहीं हो सकी है।
निर्माणाधीन मकान से लौट रहे थे वापस
बताया जाता है कि बंजारी गांव निवासी किसान सदानंद प्रसाद को बंजारी टीचर कालोनी में नवरसा में जमीन मिली है। ये इस जमीन पर मकान बनवा रहे हैं। लॉकडाउन के कारण अभी निर्माण कार्य बंद है। बताया जाता कि सदानंद प्रसाद अपने निर्माणाधीन मकान पर गए थे। यहां कुछ देर रुकने के बाद वे पैदल अपने घर की ओर जाने लगे।
बाइक सवार अपराधियों ने रोका फिर मार दी गोली
अभी वे बंजारी मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने इन्हें रोक लिया। इसके पहले कि वे कुछ समझ पाते उनमें से एक ने उन्हें दो गोली मारी और तीनों फरार हो गए। वारदात के बाद आसपास के लोग दो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल किसान को सदर अस्पताल ले गए। जहां किसान की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने इन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि गोली क्यों मारी गई है ये अभी साफ नहीं हो सका है। छानबीन की जा रही है, जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।