Accident News:रोहतास में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, मुआवजा के लिए लोगों ने किया एनएच जाम
डेहरी रोहतास एनएच पर मंगलवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पूर्व पंचायत समिति सदस्य के पुत्र की मौत हो गई। दूसरा युवक घायल हो गया। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वे मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थ।
जेएनएन, रोहतास। डेहरी - रोहतास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 119 (National Highway 119) पर तुंबा गांव के समीप शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में जाने से एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचनान उसी गांव के 25 वर्षीय ऋषि रंजन पासवान के रूप में की गई। वह पूर्व पंचायत समिति सदस्य रजपतिया देवी का पुत्र था। इधर घायल युवक उसी गांव का रिंकू पासवान है। उसका इलाज रोहतास पीएचसी में किया जा रहा है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। वे मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे।
डेढ़ घंटे तक लोगों ने रखा डेहरी-रोहतास एनएच को जाम
बताया जाता है कि रात करीब आठ बजे ऋषि और रिंकू कहीं से लौट रहे थे। इसी क्रम में सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन उन्हें रौंदता चला गया। घटनास्थल पर ही बीडीसी पुत्र की मौत हो गई। घटना का पता चलते ही वहां भीड़ उमड़ पड़ी। आक्रोशित लोगों ने एनएच को जाम कर दिया। इस कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई।थानाध्यक्ष ईश्वर चंद्र पाल ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से ऋषि पासवान की मौत हो गई तथा रिंकू पासवान जख्मी हो गए।
सीसीटीवी से गाड़ी की पहचान का प्रयास कर रही पुलिस
पुलिस ने समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे सड़क जाम रही। रात साढ़े सौ बजे जाम हटाया गया। इसके बाद ऋषि के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम ले गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में अज्ञात वाहन चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मुआवजा की मांग पर सीओ विकास कुमार ने नियमानुकूल कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बताया जाता है कि वहां दुकान में लगी सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया जा रहा है ताकि हादसे को अंजाम देने वाले गाड़ी की पहचान की जा सके। इधर ऋषि की मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। सबका रो-रोकर बुरा हाल है।