डीलर की बेटी की शादी थी तो हमने छोड़ दिया एक-एक किलो अनाज, इस माह तो दो किलो कम दे रहा
गया जिले के मोहड़ा प्रखंड के शिवलाल बीघा गांव में जनवितरण प्रणाली विक्रेता अरुण कुमार की दुकान पर लाभुकों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि डीलर उन्हें 10 की जगह महज आठ किलो अनाज दे रहा है। वह भी तब जब हमने इस डीलर के साथ इंसानियत दिखाई थी।
अतरी (गया), संवाद सूत्र। गया जिले के मोहड़ा प्रखंड के शिवलाल बीघा गांव में जनवितरण प्रणाली विक्रेता अरुण कुमार की दुकान पर लाभुकों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि डीलर उन्हें 10 की जगह महज आठ किलो अनाज दे रहा है। वह भी तब जब हमने इस डीलर के साथ इंसानियत दिखाई थी। लेकिन वह हमारे साथ इस तरह का व्यवहार कर रहा है। नाराज ग्राहकों ने बताया कि पिछली बार डीलर ने बेटी की शादी के नाम पर एक किलो अनाज कम दिया। बेटी की शादी के नाम पर हमलोगों ने स्वेच्छा से एक-एक किलो अनाज छोड़ दिया था। अब इस बार फिर दो किलो अनाज कम दिया जा रहा है। इतना ही नहीं डीलर खराब अनाज देता है। विरोध करने पर धक्का देकर भगा देता है।
लॉकडाउन में पूरा परिवार घर में बैठकर खा रहा
आक्रोश जाहिर कर रहे ग्राहकों का कहना था कि लॉकडाउन होने के कारण पूरा परिवार घर पर बैठ कर खा रहा है। उसके बाद भी सरकार से मिलने वाला अनाज भी हमें नहीं देकर उसे डीलर गटक लेते है। रूपलाल कुमार, रूबी देवी, मुन्नी देवी, अजय कुमार के साथ दर्जनों लाभुकों ने बताया कि डीलर के स्टोर में पहले से रखा हुआ अनाज पानी लगने के कारण सड़ गया है वही अनाज लाभुकों को खाने के लिए डीलर दे रहा है। जब लाभुक सड़ा हुआ अनाज लेने से इंकार करता है तो डीलर उसे धक्का देकर भगा देता है। धमकी देता है कि तुमको जहां जाना है जाओ। कोई लाभुक डीलर से पूछ देता है कि दो किलो अनाज क्यों कम दे रहे हैं उसे भी धक्का देकर भगा दिया जाता है।
एक माह का पैसा ले रहा डीलर
वही राजवाड़ा खुर्द के डीलर हरिद्वार सिंह के ग्राहक ने बताया कि एक माह का पैसा लिया जा रहा है और एक माह का अनाज फ्री में दिया जा रहा है। जबकि दोनों माह का अनाज फ्री में देना है। आपूर्ति पदाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि ग्राहकों को मेरे पास शिकायत करनी चाहिए। कुछ लोगों ने मोबाइल पर शिकायत की है।