एक साथ दो बहनों की मौत का क्या है कारण, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं पुलिस की निगाहें
रोहतास में शनिवार को बरामद दो बहनों के शव मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। एक साथ दो की मौत से सनसनी फैली हुई है। चार दिन पहले दोनों बहनें बाजार जाने के लिए निकली थीं लेकिन लौट कर नहीं आईं।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। दवा एवं सब्जी खरीदने के लिए बाजार गईं सगी बहनों का शव मिलने से लोग सदमे में हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों बहनों की हत्या की गई या दोनों ने आत्महत्या की। पुलिस को भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इधर घटना से परिवार में मातम पसरा है। आम जन भी इसकी गुत्थी सुलझने का इंतजार कर रहे हैं।
बाजार से दवा और सब्जी लाने निकली थीं दोनों बहनें
मालूम हो कि चार दिन पूर्व मंगलवार को टंडवा निवासी सुनील सिंह की 14 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी व 12 वर्षीय स्वाति कुमारी आयरकोठा बाजार के लिए निकली थीं। उन्हें सब्जी व दवा खरीदकर लाना था। लेकिन वे लौटी नहीं। परिवार में चिंता बढ़ने लगी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की लेकिन दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज दिया। इसमें गांव के ही तीन लड़कों को आरोपित किया था। इधर पुलिस छानबीन कर रही थी कि शनिवार को दोनों बहनों का शव अलग-अलग जगहों से बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिता ने तीन के खिलाफ नामजद प्राथमिकी कराई थी। तीनों नाबालिग हैं। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।
अलग-अलग जगहों से बरामद किया गया शव
बड़ी बहन सोनाली का शव नासरीगंज हाइडल तथा छोटी बहन स्वाति का शव अमियावर पुल के पास नहर से बरामद हुआ है। दोनों बहनों का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्वजनों के बीच मातम पसरा है। वे समझ नहीं पा रहे कि आखिर हुआ क्या है। पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के भरोसे है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर बिंदू पर छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।